रांची पुलिस को मिली सफलता, PLFI स्टेट चीफ व 10 लाख का इनामी कुख्यात नक्सली, 50 से भी अधिक नक्सल कांडों में लिप्त अमृत होरो गिरफ्तार, प्रतिबंधित PLFI संगठन के नेतृत्व का पूर्णतः सफाया
रांची पुलिस ने प्रेस कांफ्रेस कर बताया कि दिनांक 28.05.2025 को देर शाम वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पी०एल०एफ०आई० (पीपुल लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) का स्टेट चीफ एवं 10 लाख इनामी नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या, उम्र करीब 34 वर्ष, पिता सुशील होरो, ग्राम जामाकेल सिमरटोली, थाना लापुंग, जिला रांची, अपने साथियों के साथ हथियार बंद होकर लापुंग थाना अंतर्गत महुगांव जंगल के आस-पास भ्रमणशील है एवं किसी बड़ी उग्रवादी घटना करने की योजना बना रहा है।
उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा आवश्यक कार्रवाई हेतु गौरव गोस्वामी (भा०पु०से०) पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, रांची के निर्देशन में दीपक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक बेड़ो, रांची के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा देर रात ग्राम महुगांव के पास स्थित जंगलनुमा इलाके में घेराबंदी कर एक हथियारबंद व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति द्वारा अपना नाम पता अमृत होरो, उर्फ मेचो, उर्फ सूर्या, उम्र करीब 34 वर्ष, पिता सुशील होरो, ग्राम-जामाकेल सेमरटोली, थाना-लापुंग, जिला-राँची, लापुंग थाना बताया गया एवं स्वयं को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI का स्टेट चीफ बताया।
अमृत होरो द्वारा झारखण्ड के रांची सहित कई जिलों में नक्सली घटनाओं को अंजाम दिया गया, एवं आगजनी एवं फायरिंग की घटनाएं कारित की गई। कुख्यात नक्सली अमृत होरो के द्वारा राज्य के विभिन्न जिला/थाना क्षेत्रों में व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों को फोन/सोशल मिडिया एप के माध्यम से जान मारने की धमकी दी गई एवं अवैध लेवी / रंगदारी राशि की मांग की गई। इस संबंध में रांची एवं आस पास के जिलों यथा गुमला, खूंटी में इसके विरूद्ध 50 से भी अधिक कांड दर्ज हैं। क्रियावादी अमृत होरो पर कई गंभीर अपराधिक कांड जैसे हत्या, रंगदारी, लेवी मांगना इत्यादि दर्ज हैं। जिनमें ये वांछित थे और वर्तमान में फरार चल रहा था।
प्रतिबंधित पी०एल०एफ०आई० संगठन का प्रमुख (स्टेट चीफ) अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या ने वर्ष 2023 में लापुंग थानान्तर्गत हुलसू निवासी राजेश कुमार साहु को पी०एल०एफ०आई० संगठन के 06-07 सदस्यों के साथ मिलकर अपना वर्चस्व दिखाने के लिए गोली मार कर हत्या कर दी थी। लापुंग थाना अंतर्गत ही लोहागढ नदी पर बनवा रहे जल मीनार के ठेकेदार से 20 लाख की लेवी की मांग की गई थी, नही देने पर जान मारने की धमकी दी गई।
खूंटी जिले के कर्रा थाना के 2026 अप्रैल में नरसिंह कन्सट्रक्शन कंपनी एवं बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पिरका लोधमा लिंक रेल लाइन के परियोजना के कट्मकूक साईड के पास फायरिंग कर रोड रोलर को जला दिया गया एवं ठेकेदार से 50 लाख की लेवी की मांग की गई थी।
गुमला जिले के कामडारा थानान्तर्गत वर्ष 2024 में इसने अपने साथियों द्वारा गुमला के व्यवसायियों / ठेकेदारों को डरा-धमका कर मोटी लेवी वसूलने एवं क्षेत्र में विकास कार्यों को बाधित करना शुरु किया, जिसके आरोप में UAPA सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया गया।
रांची के पिठौरिया थाना कांड सं0- 117/25 वर्ष 2025 में संजय सिंह उर्फ मंटू सिंह जो नामचीन कारोबारी है, को उनके हरेक प्रोजेक्ट में पांच प्रतिशत की सहयोग राशि देने के लिए पी०एल०एफ०आई० के लेटर पैड पर पर्चा देकर भयाक्रांत किया। लोहरदगा के कैरो थाना कांड सं0- 18/26 वर्ष 2026 में जन वितरण प्रणाली सरकारी राशन दुकान के संचालक से PLFI स्टेट चीफ के नाम से पर्चा देकर 10 लाख की लेवी की मांग की गई, नही देने पर कार्रवाई करने की धमकी दी गई।
पश्चिम सिंहभूम के आंनदपुर थाना कांड सं0- 05/2024 वर्ष 2024 में आपसी वर्चस्व की लडाई में इसने अपने साथी द्वारा पी०एल०एफ०आई० के ही अन्य सदस्य मत्यस टूटी की हत्या कर दी थी। इस अमृत होरो के खिलाफ रांची जिले के लापुंग, बेड़ो, नगड़ी, टाटीसिलवे, अरगोड़ा, पिठोरिया, खेलगांव थाना क्षेत्रों तथा अन्य जिलों के जरियागढ़, कर्रा, तोरपा, बसिया, कामडारा, कैरो, आनन्दपुर थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
