अपराध

गोड्डा के बाघाकोल गांव से साइबर अपराध में लिप्त एक अपराधी को स्थानीय पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिनांक 28.05.26 को पुलिस अधीक्षक, गोड्डा द्वारा प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर बताया गया कि बसंतराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाघाकोल में एक व्यक्ति द्वारा साइबर अपराध में संलिप्त होने की सूचना है। सूचना के अनुसार एक संदिग्ध मोबाइल नंबर का उपयोग कर ऑनलाइन साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। उक्त सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु बसंतराय थाना पुलिस की एक टीम का गठन कर तत्काल ग्राम बाघाकोल भेजा गया।

पुलिस टीम द्वारा जांच एवं सत्यापन के क्रम में एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान मो० जुबेर आलम, पिता शकील अहमद, ग्राम बाघाकोल, थाना बसंतराय, जिला गोड्डा के रूप में की गई। पूछताछ एवं विधिवत तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, विभिन्न बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, डेबिट कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच एवं पूछताछ में आरोपी द्वारा साइबर अपराध से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया गया। आरोपी ने बताया कि वह साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन एवं निवेश के लिए विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करता था। उसके मोबाइल से प्राप्त जानकारी के अनुसार वह टेलीग्राम के माध्यम से Swift Pay नामक निवेश संबंधी एप्लिकेशन डाउनलोड कर उसका उपयोग करता था और भुगतान एवं फंड ट्रांसफर के लिए FrechargeBiz एवं विभिन्न UPI प्लेटफॉर्म का प्रयोग करता था।

साइबर अपराध से प्राप्त राशि को विभिन्न बैंक खातों एवं डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए स्थानांतरित कर निकासी की जाती थी ताकि धन के वास्तविक स्रोत को छिपाया जा सके। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अन्य व्यक्तियों के नाम पर जारी मोबाइल सिम कार्ड, बैंक खाते एवं डिजिटल भुगतान साधनों का उपयोग कर साइबर अपराध से प्राप्त राशि का संचालन करता था।

बरामद मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जाँच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके। इस संबंध में बसंतराय थाना कांड संख्या-40/26, दिनांक 20.05.26, धारा 319 (2)/318(4)/338/336(3)/340(2)/3(5) B.N.S एवं 66 (C) / 66 (D) आई०टी०एक्ट के अन्तर्गत अभियुक्त मो० जुबेर आलम एवं अन्य अज्ञात के विरूद्ध दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के अन्य पहलुओं एवं संभावित सह-अभियुक्तों की संलिप्तता की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *