राजनीति

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी रांची द्वारा अखबारों में दिये गये चुनावी नोटिफिकेशन के विज्ञापनों पर उठे सवाल

जनस्वास्थ्य को लेकर कार्यरत सामाजिक संगठन लहू बोलेगा संस्था के नदीम खान ने आज रांची के उपायुक्त सह अध्यक्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, रांची शाखा, रांची के द्वारा अखबारों में दिये गये रेड क्रॉस सोसाइटी रांची के चुनावी नोटिफिकेशन संबंधित विज्ञापन पर सवाल उठाए है। उनका कहना है कि इस चुनावी नोटिफिकेशन ने कई भ्रांतियों को जन्म दिया हैं, जो किसी भी दृष्टिकोण से सही नहीं है।

नदीम खान का कहना है कि रांची के उपायुक्त ही बताये कि उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के चुनावी नोटिफेकशन तो जारी कर दिये, पर नये सदस्य बनाने का उन्होंने विज्ञापन क्यों नहीं जारी किया, और अगर जारी किया भी हैं तो बताये कि उन्होंने ऐसा विज्ञापन कब जारी किया अथवा कब और कैसे नये सदस्य बनाये गये?

नदीम खान का कहना है कि इस रेड क्रॉस सोसाइटी में कोई ग्रुप है, जो सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व या सक्रिय रक्तदान संगठन या सामाजिक सरोकार से जुड़े लोगों को शामिल ही नहीं करना चाहता और ऐसी स्थिति में वे इस प्रकार के चुनावी नोटिफिकेशन का कड़ा विरोध करते हैं और ऐसा चलने भी नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सबसे पहले रांची में नये सदस्य बनाने का नोटिफिकेशन जारी किया जाये। इसमें सक्रिय रक्तदान संगठनों, नियमित रक्तदाताओं, उत्कृष्ट मानवीय कार्यों को अंजाम देनेवाले लोगों को शामिल किया जाये, तभी बात बनेगी, साथ ही भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी का सम्मान भी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि अगर दो दिन के अंदर रेड क्रॉस सोसाइटी रांची आपने अव्यवहारिक, कुतर्क से भरे नोटिफिकेशन पर मानवीय, व्यवहारिक, तार्किक विचार नही करता है, तो यह माना जायेगा कि देशव्यापी प्रतिष्ठित रेड क्रॉस सोसाइटी की विरासत को ज़मीदोज़ करने की योजना यहां शुरु कर दी गई है। शायद यही कारण भी रहा कि इन्हीं वजहों से लगभग पुराने पदाधिकारियों ने कुछ समय बाद रह रह कर इस्तीफा देते चले गए, पर अब वे लोग बिल्कुल भी ऐसा नही होने देंगे।