राजनीति

कुणाल ने जनहित से जुड़े पुरुष उत्पीड़न समेत पांच बिंदुओं पर राष्ट्रपति का ध्यान आकृष्ट कराते हुए संज्ञान लेने का किया आग्रह, राष्ट्रपति ने समाधान का दिया भरोसा

भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाक़ात की। इस मुलाकात के बाद प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर भी साझा की। सोमवार को हुए मुलाकात में कुणाल षाड़ंगी ने जनहित से जुड़े पांच बिंदुओं पर राष्ट्रपति का ध्यान आकृष्ट कराते हुए संज्ञान लेने का आग्रह किया।

कुणाल षाड़ंगी ने जमशेदपुर की जनता के लिए हवाई सेवा जल्द शुरू करने, महिलाओं के साथ-साथ राज्यों में पुरूष उत्पीड़न के मामलों के निराकरण की संस्थागत व्यवस्था करने, जमशेदपुर में एम्स के सैटेलाइट केंद्र शुरू करने, चाकुलिया-बुढामारा रेलवे लाईन का काम जल्द शुरू करने और वंदे भारत ट्रेन सेवा वाया टाटानगर शुरू करने एवं राज्य में कार्यरत जल सहियाओं को लगभग 50 महीने से बकाए मानदेय व प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने संबंधी जरूरी मुद्दों पर विस्तारपूर्वक जानकारी देकर उचित समाधान का आग्रह किया।

हवाई सेवा जल्द शुरु करने का आग्रह

जमशेदपुर में हवाई सेवा जल्द शुरू होनी चाहिए। उड़ान योजना के तहत छोटे हवाई जहाज़ों का परिचालन कोलकाता व भुवनेश्वर तक शुरू हुआ है। लेकिन देश के अन्य प्रमुख शहरों को जोड़ने की सेवा अब तक नहीं हो पाई है। सालों से सिर्फ़ काग़ज़ी बातें हो रही है। अब स्थल चयन पर अंतिम निर्णय शीघ्र होकर काम प्रारंभ होना चाहिए।

महिला उत्पीड़न के साथ पुरूष उत्पीड़न पर भी बने कठोर नियम

कुणाल ने बताया कि उत्पीड़न से जुड़े नियमों को ज़्यादा तर्कसंगत और संतुलित बनाने की आवश्यकता है। महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई हो। लेकिन साथ ही साथ कोई महिला इसका ग़लत फ़ायदा ना उठाए यह भी सुनिश्चित हो। वैवाहिक विवादों में फंसे लाखों पिताओं को सालों से अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। 498A का ग़लत इस्तेमाल करके प्रति वर्ष लाखों गिरफ़्तारियाँ हो रही है। 2022 में 1,18,979 पुरूषों ने आत्महत्या की। जिसमें 30% से ज़्यादा लोगों ने पारिवारिक कारणों से आत्महत्या की। सभी राज्यों में पुरूष कमीशन जैसी संस्थागत व्यवस्था बनाने पर विचार हो।

AIIMS का सैटेलाइट सेंटर जमशेदपुर में भी बने

कुणाल ने आग्रह किया कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर को एक बेहतर सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा संस्थान की नितांत आवश्यकता है। बताया कि पूरा शहर एकमात्र टीएमएच के भरोसे है। उड़ीसा के बालासोर की तर्ज़ पर एम्स का सैटेलाइट सेंटर जमशेदपुर में शीघ्र खोला जाए क्योंकि भुवनेश्वर और देवघर के एम्स की दूरी यहां से काफ़ी अधिक है। इससे सैकड़ों ज़रूरतमंदों को समय पर मदद मिलेगी।

चाकुलिया-बुढामारा रेल लाइन तथा वंदे भारत ट्रेन चलाने पर दिया जोर

कुणाल ने राष्ट्रपति से चाकुलिया-बुढामारा रेलवे लाइन परियोजना को जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया। इसके साथ ही वंदे भारत के तहत झारसुगुड़ा से हावड़ा वाया टाटानगर शुरू करने एवं टाटा से वाया दरभंगा, सक्करी व निर्मली सहरसा तक, टाटा से हज़ारीबाग़ होते हुए पटना और टाटा से साप्ताहिक एक ट्रेन रक्सौल तक की ट्रेनें जल्द प्रारंभ हो।

जल सहियाओं की समस्याओं को भी राष्ट्रपति के समक्ष रखा

पूर्वी सिंहभूम जिले की लगभग 2300 जल सहियाओं को लगभग 50 महीने से मानदेय व प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हुआ है। जिससे उनकी स्थिति बेहद ख़राब है व विभाग उदासीन है। कृपया इन विषयों को संज्ञान में लिया जाए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आश्वस्त किया कि वे सभी विषयों पर विचार करेंगी एवं जल्द ही विभागीय मंत्रियों से समाधान हेतु मंत्रणा करेंगी। इससे पहले, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।