मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में कई विभिन्न सामाजिक संगठन के सदस्यों एवं आम जनता ने की मुलाकात, रखी समस्याएं, हुआ समाधान
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। इस भावुक क्षण के दौरान, नेमरा पहुंचे सभी लोगों ने मुख्यमंत्री की पूजनीय माता स्वर्गीय रूपी सोरेन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण और सादर श्रद्धांजलि दी। आगंतुकों ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की।
शोक की इस घड़ी में भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जन-सेवा के अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा। उन्होंने नेमरा में जुटे लोगों से एक-एक कर मुलाकात की और संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने स्वयं आगे बढ़कर लोगों के आवेदनों को हाथों-हाथ लिया।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए, मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा सौंपे गए आवेदनों और समस्याओं का त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
