एक से एक नमूने हैं झारखण्ड भाजपा में, स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज के फेसबुक पर नितिन नबीन की जगह पर आज भी जे पी नड्डा ही दिख रहे हैं
एक से एक नमूने हैं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में और इन नमूनों को बड़े शौक से पाला है उन नमूनों ने, जो भाजपा के प्रदेश स्तरीय शीर्षस्थ पदों पर पहुंचकर, सत्ता की स्पेशल रसमलाई खाई है। राज्यसभा पहुंचकर स्वयं को परमानन्द अवस्था में पहुंचाया है, अपनी पत्नी और बेटे व दूर के रिश्तेदारों को यह दिखाकर उनके सामने स्वयं को प्रतिष्ठित करवा लिया कि देखो, इस रास्ते से भी जाकर सत्ता की स्पेशल रसमलाई खाई जा सकती है। जो किसी के नसीब में नहीं, पर उनके नसीब में जरुर है।
ये ऐसे नमूने हैं, जिन्हें ये भी नहीं पता कि कब क्या करना है, क्यों करना है, किसलिए करना है। ये नमूने अपने से बड़े नमूने जो प्रदेश के शीर्षस्थ पदों पर बैठे हैं, उनके इशारों पर ठुमरी गाते हैं। कुछ भी कर गुजरने के लिए तैयार रहते हैं, ये अपनी गलती भी बर्दाश्त नहीं कर सकते, इन्हें वो आईना भी पसन्द नहीं, जो इनके असली चेहरे दिखाते हैं, जो आईना इनके बदसूरत चेहरे को दिखाने की कोशिश करते हैं, वे उसे बेदर्दी से तोड़ डालने में ज्यादा रुचि दिखाते हैं।
अब जरा देखिये। इन महाशय को। नाम है – राहुल अवस्थी। जनाब, पिछले लगभग छह सालों से भाजपा झारखण्ड के स्टेट सोशल मीडिया इन्चार्ज है। सोशल मीडिया इन्चार्ज समझ रहे हैं न। लेकिन इन्हें ये भी नहीं पता कि सोशल मीडिया को कैसे हैंडल किया जाता है। इन्हीं के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 जनवरी 2026 को भारतीय जनता पार्टी के 16वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गये। कार्यकारी अध्यक्ष तो वे दिसम्बर 2025 में ही बन गये थे। यही नितिन नबीन फिलहाल झारखण्ड के दो दिवसीय दौर पर भी आये हुए हैं। उनके कार्यक्रम भी प्रदेश में जोर-शोर से चल रहे हैं। खुद भी नितिन नबीन के कार्यक्रमों को वे अपने सोशल साइट पर डाल रहे हैं।
लेकिन इनके फेसबुक के कवर फोटो पर कौन दिख रहे हैं? इनके कवर फोटो पर आज भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ही दिख रहे हैं। यानी, इनके दिलों में आज भी जेपी नड्डा ही है। शायद इन्हें लगता है कि नितिन नबीन ज्यादा दिनों तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं रहेंगे। ऐसे में फिर जेपी नड्डा को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना है तो क्यों नितिन नबीन का फोटो कवर फोटो पर डाले?
जबकि होना ये चाहिए था कि जैसे ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बदल गये। ये जनाब चूंकि सोशल मीडिया के स्टेट इंचार्ज है, इन्हें जेपी नड्डा की जगह नितिन नबीन का फोटो लगा देना था। ऐसे भी भाजपा के अन्य जो नेता है, चाहे वो राष्ट्रीय स्तर के नेता हो या प्रदेश स्तर के नेता, सभी ने जेपी नड्डा की जगह नितिन नबीन को स्थान दे दिया है।
यही होना भी चाहिए और जब आप पार्टी द्वारा दिये गये पद को सुशोभित कर रहे हैं, सोशल मीडिया के बड़े अधिकारी है, तो आपकी तो पकड़ होगी। लेकिन यहां भाजपा में फुर्सत किसे हैं, ये सब देखने की। यहां तो सारे के सारे नमूने जानते हैं – चाटुकार संस्कृति। चाटुकारिता करते रहिये, पद पर बने रहिये, चाहे आप कितना भी बड़ा गलती क्यों न कर दीजिये, आपको दंड नहीं मिलनेवाला, बल्कि उल्टे प्लेट में सजाकर रसमलाई ही मिलेगी। ठीक उसी तरह जैसे कई प्रदेशस्तरीय नेता सत्ता की रसमलाई खाकर स्वयं को धन्य कर रहे हैं।
आश्चर्य इस बात की भी है कि आज ही भाजपा के राष्टीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भाजपा प्रदेश कार्यालय में जिला प्रभारियों/जिलाध्यक्षों, प्रदेश मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम के साथ संयुक्त बैठक भी है और इस बैठक में कौन लोग भाग ले रहे हैं, जिसने अपने फेसबुक के कवर फोटो पर आज भी नितिन नबीन की जगह जेपी नड्डा का फोटो डाल रखा है। कहने का तात्पर्य है कि इस सोशल मीडिया युग में, आप स्वयं को सोशल मीडिया के अनुरूप बनाकर नहीं रखेंगे तो आपका स्टेट सोशल मीडिया प्रभारी बने रहना या नहीं बने रहना, दोनों बराबर है। ऐसे में भाजपा, झामुमो गठबंधन का कैसे मुकाबला करेगी, राम जाने।
