झारखण्ड के विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन अर्थात् राज्य की लूटी गई संपत्ति का प्रदर्शन – झामुमो

आज बड़ी ताम झाम के साथ भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के विभिन्न जिलों में अपने जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इन कार्यालयों की बनावट और उसमें उपलब्ध सुविधाओं को देख केवल झामुमो ही नहीं, बल्कि राज्य की जनता भी आश्चर्य कर रही है, कि आखिर इतने पैसे भाजपा के पास कहां से आ गये कि वो पूरे प्रदेश में अपने जिलों के अंदर राजसी ठाठबाट का प्रदर्शन कर दिया, एक साथ कई जिलों में नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय खोल दिये।

झामुमो के सुप्रियो भट्टाचार्य तो साफ कहते है कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा के रघुवर राज में हुई खुली लूट का स्थायी प्रतिबिम्ब आज दिखाई पड़ा है। राज्य के सिमडेगा, पलामू, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, गिरिडीह व धनबाद जिले में एक साथ भव्य अट्टालिका बताता है कि भाजपा ने राज्य में किस प्रकार जनता की सेवा की है? उन्होंने कहा कि ये कार्यालय राज्य की जनता से लूटी गई संपत्तियों से बना है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने साफ कहा कि संक्रमण और संकट के इस महाकाल में विलासिता पूर्ण अट्टालिकाओं का भव्य प्रदर्शन और उसका उदघाटन भाजपा ही कर सकती है, दूसरा कोई नहीं।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि आठ नवम्बर 2016 को हुए नोटबंदी के दौरान काले धन से खरीदी गई भाजपा के ये कार्यालय का आज हुआ उद्घाटन, सरकारी ठेकेदारों द्वारा किया गया, जिसका भुगतान रघुवर राज में लूट की राशि से की गई। आज जब पूरा देश कोरोना के संक्रमण से गुजर रहा है, जरा भाजपाइयो को देखिये, इनके प्रदेश कार्यालयों को देखिये, पता लग जायेगा कि ये किस प्रकार जनता की आंखों में धूल झोंक रहे है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने अपनी तीखी टिप्पणी में यह भी कहा कि एक ओर भाजपा प्रदेश कार्यालय अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं के लिए प्रतिबंधित है, ऐसे में जिला कार्यालय का उद्घाटन का औचित्य, झामुमो को समझ नही आया।