राजनीति

रांची में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को रैली निकालना पड़ा महंगा, हुई पिटाई, 6 घायल

भारतीय जनता युवा मोर्चा को आज मेन रोड में रैली निकालना महंगा पड़ गया। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल के चार साल पूरे होने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रैली निकाला था, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। रैली जैसे ही डेली मार्केट से होकर गुजरने लगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर कुछ अज्ञात असमाजिक तत्वों ने  हमला किया, जिसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के छः कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गये।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे थे, तब पुलिस के लोग भी वहां मौजूद थे, पर उन्होंने बचाने का काम नहीं किया, बल्कि मूकदर्शक बने रहे। भाजपा नेता संजय सेठ का कहना था कि रैली सुजाता चौक तक पहुंच गई थी, पर पीछे से जो लोग छूट गये थे, उन्हें ही पकड़कर पीटा गया, जिसमें करीब 6 लोग घायल हो गये। जिनका इलाज स्टेशन रोड गुरुनानक हास्पिटल एवं सिटी हास्पिटल एचबी रोड में चल रहा हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, चूंकि ईद नजदीक है, इसलिए डेली मार्केट के पास ईद का बाजार लगा हैं। इधर ईद बाजार और उधर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं की रैली, शायद कुछ लोगों को अच्छी नहीं लगी, जिस कारण मार-पीट की घटना घट गई। आज की इस घटना से भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा देखा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब अपने राज्य में भाजपा का शासन है,और तब भाजपा कार्यकर्ता पीटे जा रहे हैं, तो ऐसी सरकार रहे या न रहे, उन्हें क्या फर्क पड़ता हैं?

इधर कांग्रेस, झामुमो और अन्य राजनीतिक व सांस्कृतिक संगठनों ने सभी से सौहार्द्र बनाये रखने की अपील की हैं, तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन से माहौल खराब करनेवाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की हैं।