फिल्म निर्माण को लेकर संजीदा बन रहे है पलामू के फिल्म मेकर्स, चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल में दिखेगी पलामू की आठ फिल्में
पलामू के युवा अब फिल्म निर्माण को लेकर संजीदगी दिखा रहे है। आगामी 26 से 28 जून तक रांची के सरला बिरला विश्वविद्यालय में आयोजित चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल में पलामू के फिल्म मेकर्स द्वारा निर्मित आठ फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा। इन आठ फिल्मों को स्क्रीनिंग के लिए चयन किया गया है। इनमें छह शर्ट फिल्म व दो डॉक्यूमेंट्री फिल्म शामिल है।
फिल्म फेस्टिवल आयोजन समिति की ओर से एनके सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से चयनित फिल्मों की जानकारी प्रकाशित की। ज्ञात हो कि रांची के सरला बिरला विश्वविद्यालय कैंपस में आगामी 26 से 28 जून तक इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया है, जहां चयनित फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।
इस आयोजन में कई बड़ी फिल्मी हस्तियों का भी आगमन होना है। श्री सिंह ने बताया कि झारखंड में फिल्म निर्माण की भरपूर संभावनाएं है। युवाओं को अच्छी फिल्म निर्माण में प्रोत्साहित करना इस फेस्टिवल का एक उद्देश्य है। इस फेस्टिवल में झारखंड के निर्माता-निर्देशकों की कुल 84 फिल्में आई थी जिनमें से 67 फिल्मों का चयन स्क्रीनिंग के लिए किया गया है।
पलामू के इन फिल्मों पर रहेगी नजर
पलामू से इस फेस्टिवल में स्क्रीनिंग के लिए जिन आठ फिल्मों का चयन हुआ है उसमें मेलोडी थियेटर एंड फिल्म्स तथा भूमिका फिल्म्स के संयुक्त बैनर तले निर्मित दो फिल्म मिसिंग डायरी व सिगरेट रहस्य, प्रवीण तिवारी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड की फिल्म माही, यंग स्टार ग्रुप की फिल्म दहाड़ और मासूम आर्ट ग्रुप द्वारा प्रस्तुत जय मां काली पर लोगो की विशेष नजर रहेगी। मासूम आर्ट ग्रुप की एक अन्य शॉर्ट फिल्म बोलो नहीं करो कि भी स्क्रीनिंग की जाएगी। इस फिल्म को पलामू के कलाकारों की मौजदगी में शिमला में शूट किया गया है। इसके अलावा पलामू के फिल्मकारों द्वारा निर्मित दो डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी इस फेस्टिवल में दिखाई जाएगी।
स्मारिका में भी दिखेगा पलामू
फिल्म फेस्टिवल के अवसर पर आयोजन समिति द्वारा एक स्मारिका का भी विमोचन किया जायेगा। स्मारिका कमेटी के नवीन सहाय ने बताया कि इस पुस्तक में भी पलामू की झलक दिखेगी। रवि शंकर पांडेय, प्रभात मिश्रा सुमन, राणा अरुण सिंह सहित कई लेखकों को फिल्म से जुड़ी रचनाएं इस स्मारिका में रहेगी।
आयोजन समिति के द्वारा इसके प्रसार प्रचार के लिए एक रील मेकिंग की प्रतियोगिता कराई गई थी। इसमें भी पलामू के युवाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। खास कर नवोदित कलाकार प्रकाश संगम की एक रील ने सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए 170K का आंकड़ा छू लिया है। इसके अलावे राज प्रतीक पाल, अमर कुमार भांजा, अविनाश तिवारी जैसे कलाकारों ने भी रील के माध्यम से पलामू की उपस्थिति दर्ज कराई है। फिल्म फेस्टिवल को लेकर पलामू के सिनेप्रेमी दर्शक व कलाकारों में काफी उत्साह है।
