सिमडेगा मॉब लिंचिंग पर मौन धारण करनेवाले सीएम हेमन्त बताएं कि धनबाद में PM मोदी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को गाली देने वाले के खिलाफ FIR क्यों नहीं? CM हेमन्त पर भाजपा ने लगाया तुष्टिकरण का आरोप

भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने आज राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया। श्री साहू ने कहा कि धनबाद में भाजपा के कार्यक्रम में एक युवक द्वारा देश के प्रधानमंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को गाली दी गई। उस युवक पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया। इससे स्पष्ट है कि इस घटना के पीछे भी एक सोची समझी साजिश है।

क्या गाली देने वाला युवक एक अल्पसंख्यक समुदाय विशेष से आता है इसलिये मुख्यमंत्री जी चिंतित हो गए। क्या राज्य के अन्य समुदाय के लिए सरकार का कोई धर्म नही है। उन्होंने कहा कि सिमडेगा में मॉब लिंचिंग करके भीड़ द्वारा पुलिस के सामने संजू को जिंदा जला दिया। उसपर मुख्यमंत्री ने कोई ट्वीट नही किया।

चाईबासा में पूर्व विधायक पर नक्सली हमला हुआ, दो-दो अंगरक्षकों की गला रेत कर हत्या हो गई। उनकी लाश 15 घंटे तक खुले मैदान में पड़ी रही, उस वक्त मुख्यमंत्री का कोई ट्वीट क्यों नही आया। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद मुख्यमंत्री के चहेतों पर कोई मुकदमा अभी तक दर्ज नही होने पर मुख्यमंत्री जी का ट्वीट नहीं आया, डायन के नाम पर हत्या हो गई, फिर भी कार्रवाई के लिये ट्वीट नही आया, दलित परिवार की जमीन छीन ली गई, कोई ट्वीट नही आया।

उन्होंने कहा कि झारखंड में रोज इस सरकार के नाक के नीचे सैकड़ों जनविरोधी घटनाएं घटित होती है, लेकिन मुख्यमंत्री जी मौन साधे बैठे रहते हैं। संवेदनशील मुद्दों पर उनकी तत्परता नही दिखती है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा को टारगेट करके ऐसी साजिश रची गई हैं। उन्होंने कहा कि कानून का राज सबके लिये बराबर होना चाहिये। जबकि यह सरकार लगातार भेदभावपूर्ण निर्णय ले रही है। यह सरकार तुष्टिकरण में आकंठ डूब चुकी है। उन्होंने कहा कि गाली देने वाले युवक पर अविलंब एफआईआर हो।