राजनीति

खुद भाजपा के नेताओं को ही नहीं पता कि क्या है मिशन मोदी अगेन पीएम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मालूम है, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पता है, संघ के धुरंधरों को पता है कि क्या है मिशन मोदी अगेन पीएम, पर झारखण्ड के कुछ नेताओं को पता ही नहीं कि मिशन मोदी अगेन पीएम क्या है? और कैसे काम करता है? ये बात की जानकारी विद्रोही 24.कॉम को तब हुई, जब मिशन मोदी अगेन पीएम की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में स्वयं भाजपा के राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने यह कह दिया कि उन्हें तो अब तक यहीं पता था कि मिशन मोदी अगेन पीएम भाजपा के विक्षुब्धों का संगठन है।

मिशन मोदी अगेन पीएम की कल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रांची के राम टहल चौधरी स्कूल के सभागार में थी, जिसमें मिशन मोदी अगेन पीएम के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह सोलंकी, राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, रांची के सांसद राम टहल चौधरी, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, मिशन मोदी अगेन पीएम के प्रदेश अध्यक्ष अनुरंजन अशोक, एवं विधायक साधु शरण महतो प्रमुख रुप से उपस्थित थे। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का संचालन राजीव रंजन सिन्हा कर रहे थे।

सभी वक्ताओं ने मिलकर एक बार फिर नरेन्द्र मोदी को केन्द्र में मजबूत करने और पुनः 2019 में सत्ता में पुनर्स्थापित करने के लिए संकल्पबद्ध होने का आह्वान किया। वक्ताओं का कहना था कि हमें राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत होकर नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है, ताकि अपना देश पुनः सर्वश्रेष्ठ ही नहीं बल्कि विश्व में शक्तिशाली देश के रुप में गिना जाये।

वक्ताओं ने प्रमंडलस्तरीय बैठक करने, उसके बाद जिलावार बैठक कर जल्दी से पूरे प्रदेश में मिशन मोदी अगेन पीएम के कार्यक्रम को बढाने पर जोर दिया। सभी वक्ताओं का कहना था कि ये संगठन भाजपा को और मजबूत करने के लिए तथा जो किन्हीं कारणों से भाजपा में नहीं है, उन्हें पुनः इस संस्था से जोड़कर देश को आगे ले जाने के लिए उन लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भावनाओं से जोड़ना है।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि मिशन मोदी अगेन पीएम, उनके संज्ञान में है, यह केन्द्र से चलाया जा रहा हैं, मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए यह संगठन काम कर रहा है, ये बात मोदी जी को भी पता है, और हम इसके लिए हर संभव मदद करने को तैयार हैं।