झारखण्ड में बढ़ते महिला अत्याचार एवं दुष्कर्म की घटनाओं से राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू खफा

झारखण्ड में महिला अत्याचारों एवं दुष्कर्म की बढ़ रही घटनाओं से राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आजकल बेहद खफा है। यहीं नहीं राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य से भी चिन्तित दिखी। साथ ही अधिकारियों को बुलाकर राज्य में चल रहे विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन पर भी असंतुष्ट दिखी।

आज राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी को राजभवन बुलाकर भारत के संविधान के अनुच्छेद 164 के अनुसार राज्य में जनजातीय कार्य मंत्रालय गठन करने का निदेश दिया। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने इसी दौरान राज्य के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी से बातचीत के क्रम में झारखण्ड में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार तथा दुष्कर्म के मामले पर भी चिन्ता व्यक्त की।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर भी सवाल उठाई तथा मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी से इस ओर विशेष ध्यान देने को कहा तथा कार्यों में तत्परता लाने का निदेश दिया। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य में चल रही विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं पर भी सुधीर त्रिपाठी से बातचीत की तथा राज्य की सही स्थिति जानने की कोशिश की। मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी और राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के बीच वार्ता से लगता है कि राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू राज्य की वर्तमान स्थिति से प्रसन्न नहीं है, खासकर महिलाओं और बालिकाओं की दयनीय स्थिति से वह बेहद दुखी नजर आई।