डीएवी कपिलदेव कडरु में कार्यरत एक महिला ने प्राचार्य पर लगाया यौन शोषण का आरोप, अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज

बहुत ही शर्मनाक समाचार है। अतिप्रतिष्ठित डीएवी समूह का एक विद्यालय जो रांची के कडरु में स्थित हैं, वहां के प्राचार्य पर वहीं कार्यरत एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। रांची के अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी भी दर्ज हो चुकी है। जिसने यौन शोषण का आरोप लगाया है, वो खूंटी की रहनेवाली बताई जा रही है, वर्तमान में वो रांची के बरियातु में रहती है।

बताया जा रहा है कि उक्त महिला 22 जुलाई 2019 से डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरु में बतौर नर्स के रुप में संविदा पर कार्यरत है। महिला का कहना है कि स्कूल ज्वाइन करने के समय से ही प्राचार्य मनोज कुमार सिन्हा का उसके प्रति व्यवहार सही नहीं था, वे रोज ब्लड प्रेशर नापने के बहाने उसे अपने चेम्बर में बुलाकर उसके साथ गलत हरकत करते थे।

महिला ने आरोप लगाया कि प्राचार्य की गंदी हरकतों के बारे में उसने वहां कार्यरत कई शिक्षकों को भी बताया था, सभी प्राचार्य के इस हरकतों से आक्रोशित भी थे। महिला का कहना है कि प्राचार्य के इसी गंदी हरकतों के कारण एक महिला शिक्षक स्कूल से दूरियां बना ली, जबकि एक महिला शिक्षक कही नौकरी न चली जाये, इस भय से कुछ बोल ही नही पा रही है।

इधर डीएवी कपिलदेव के प्राचार्य के इस गंदी हरकत और उसके खिलाफ हुई प्राथमिकी की खबर पूरे रांची में आग की तरह फैल गई हैं, सभी इस खबर के आने के बाद प्रिसिंपल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। अरगोड़ा थाने में दर्ज इस प्राथमिकी की संख्या 163/2022 है। इस केस की आइओ सब इंस्पेक्टर बेबी झा बनाई गई है।