एसआईआर के नाम पर साजिश के तहत वोट काटे जा रहे : बिनोद पांडेय
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा खूंटी जिला का बूथ स्तरीय कार्यकर्त्ता सम्मेलन बुधवार को नगर भवन खूंटी में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह केंद्रीय प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एसआइआर के नाम पर बेवजह मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से काटा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी हाल ही इसी तरह का एसआइआर बिहार में हुआ। पश्चिम बंगाल में भी चुनाव के पूर्व एसआइआर के तहत लाखों मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया। इसका परिणाम सबके सामने है। इस मामले में केंद्र सरकार व चुनाव आयोग की नियत साफ नहीं है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने से लोग लोकतांत्रिक और अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित हो जायेंगे। इसके साथ हो लोगों को योजना का लाभ मिलना बंद हो जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ एसआइआर को गंभीरता से लें। बेवजह किसी भी मतदाता का नाम सूची से ना हटे यह सुनिश्चित करें।
इसके पूर्व स्वागत भाषण करते हुए जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि बड़े भाई बिनोद पांडेय जी के संवाद से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है। यह ऊर्जा संगठन को मजबूती प्रदान करेगा। सम्मेलन में तमाड़ के विधायक विकास मुंडा, तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया एवं खूंटी के विधायक रामसूर्या मुंडा ने भी विचार व्यक्त किया।
विधायक विकास मुंडा ने कहा कि एसआइआर को गंभीरता से लेने की जरूरत है। कार्यकर्ता जिस प्रकार चुनाव में सक्रिय रहते हैं, उसी प्रकार एसआईआर को लेकर भी सक्रिय रहें। विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची से मतदाताओं का नाम हटाकर लोगों की नागरिकता छीनने की का प्रयास हो रहा है। मतदाता सूची से नाम हटने से लोग अपने अधिकारों से वंचित हो जायेंगे। रामसूर्या मुंडा ने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम सूची से ना कटे, इसके लिए कार्यकर्ता काम करें।
इसके पूर्व केंद्रीय महासचिव बिनोद कुमार पांडेय का खूंटी पहुंचने के पूर्व कार्यकर्ताओं ने पारम्परिक ढंग से स्वागत किया। कार्यक्रम के पूर्व बिनोद पांडेय ने जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, विधायक सुदीप गुड़िया एवं रामसूर्या मुंडा तथा झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ खूंटी कचहरी मैदान स्थित भगवान बिरसा मुंडा, तमाड़ रोड स्थित जयपाल सिंह मुंडा, सरदार भगत सिंह तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सम्मेलन में एसआईआर को लेकर पार्टी की विशेषज्ञ टीम द्वारा ऑडियो विजुअल के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। सम्मेलन का संचालन शंकर सिंह मुंडा ने किया।
सम्मेलन में जिला सचिव सुशील पाहन, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमृत हेमरोम, वीरेन कंडुलना, देवनाथ माघईया, तनवीर आलम, भोला नाथ लाल, विजय सांगा, मकसूद अंसारी, अमरनाथ मुण्डा, स्नेहलता कण्डुलना, उषा धान, सनिका बोदरा ,मनोज मंडल, तौकीर आलम, शेख फिरोज, प्रकाश मुण्डा, कमलेश महतो, रूबीन तोपनो, मोजीर अंसारी आदि उपस्थित थे।
