रांची के चुटिया में चाकू मारकर गृहरक्षक से स्कूटी लूटने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई स्कूटी व हथियार बरामद
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के पास गृहरक्षक से चाकू मारकर स्कूटी लूटने की घटना का रांची पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे पंचवटी चौक के समीप स्कूटी से जा रहे गृहरक्षक गणेश राम पर दो अज्ञात अपराधियों ने चाकू से हमला कर उनकी स्कूटी लूट ली थी।
घटना के समय गणेश राम सादे लिवास में थे, जबकि उनकी वर्दी स्कूटी की डिक्की में रखी हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने घायल गृहरक्षक को पंचवटी चौक स्थित काली मंदिर के सामने सड़क पर छोड़ दिया था। मामले में चुटिया थाना कांड संख्या 65/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों सुखेदव गंझू और अभिषेक मुण्डा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई स्कूटी और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों ने लूटी गई स्कूटी को मॉडिफाई कर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी और उसका उपयोग कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौकाहातु, थाना सोनाहातु निवासी सुखेदव गंझू तथा अभिषेक मुण्डा के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
