अपराध

पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये लेवी वसूली की साजिश नाकाम, दो गिरफ्तार

रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी बजरंग महतो से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के नाम पर 50 लाख रुपये की लेवी मांगने के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लेवी की रकम लेने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से पीएलएफआई के पर्चे, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को बजरंग महतो से व्हाट्सएप नंबर 573216372859 के माध्यम से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। साथ ही रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में नगड़ी थाना कांड संख्या-84/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 387 तथा सीएलए एक्ट की धारा 17 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि लेवी की राशि लेने के लिए अपराधी तुपुदाना क्षेत्र स्थित सफायर स्कूल, बारहमाईल चौक के पास आने वाले हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद छापामारी दल ने निर्धारित स्थान पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल (नंबर JH01CX4239) पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपनी पहचान अरुण लोहरा और सूरज लोहरा के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने लेवी की रकम लेने के लिए आने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान अरुण लोहरा के पास से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई से संबंधित दो पर्चे बरामद किए गए, जिन पर कथित रूप से “राजेश यादव” का नाम अंकित था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपी बेलवादाग, थाना एवं जिला खूंटी के निवासी हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है तथा लेवी मांगने वाले नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।