अपराध

रांची में हथियार के साथ तीन गिरफ्तार, देशी पिस्टल-कट्टा और गोलियां बरामद

रांची के बिरसा चौक स्थित इंडियन ऑयल इन्द्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के आसपास हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने की कथित तैयारी कर रहे तीन युवकों को जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोलियां, एक खाली मैगजीन और लाल-काले रंग की पल्सर 220 मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति हथियार के साथ पेट्रोल पंप के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने छापेमारी दल का गठन किया और इन्द्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर मोटरसाइकिल सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान हथियार और गोलियां बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

इस मामले में जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 281/26, दिनांक 19 सितंबर 2026, धारा 25(1-बी)(ए)/26(1)/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस और रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है। तीनों सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा के खिलाफ सुखदेवनगर थाने में हत्या, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पांच मामले दर्ज हैं। संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस के खिलाफ लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट तथा अन्य धाराओं में चार मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

वहीं, रोहित कुमार सिंह के खिलाफ कोतवाली और सुखदेवनगर थानों में मारपीट, चोरी, अपहरण, हत्या, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में चार मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *