विद्रोही24 की खबर का असर, भाजपा के स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज के दिमाग की बत्ती जली, कवर फोटो में अब जेपी नड्डा की जगह नितिन नबीन दिखाई पड़े
जैसे ही विद्रोही24 ने ‘एक से एक नमूने हैं झारखण्ड भाजपा में, स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज के फेसबुक पर नितिन नबीन की जगह पर आज भी जे पी नड्डा ही दिख रहे हैं’ नामक हेडिंग से समाचार प्रकाशित की। इसके तुरंत बाद इस समाचार का असर दिखाई दिया। आनन फानन में भाजपा के स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज राहुल अवस्थी ने अपने फेसबुक के कवर फोटो को बदल दिया।
राहुल अवस्थी द्वारा बदले गये कवर फोटो को इस समाचार के हेडिंग में हमने लगा दिया है। उसे आप देख सकते हैं। साथ ही इस समाचार से संबंधित खबर को भी आप विद्रोही24 पर देख सकते हैं। दरअसल सच्चाई यही है कि वर्तमान में भाजपा में बड़े-बड़े पोस्टों पर ऐसे लोग विराजमान हो गये हैं। जिनमें योग्यता का अभाव है और ये चाटुकारिता संस्कृति के तहत इन बड़े-बड़े पोस्टों पर हावी हो गये हैं।
राजनीतिक पंडितों की मानें तो भाजपा के प्रदेशस्तरीय नेताओं को ऐसे ही लोग ज्यादा पसन्द आते हैं। अगर आपने इनके सामने पार्टी हित में एक भी शब्द कह दी, तो ये आपको रडार पर ले लेंगे और आपको ऐसी जगह पहुंचा देंगे, जहां से आप ठीक से खड़े नहीं हो पायेंगे और पार्टी रसातल में गई सो अलग।
इनलोगों को पार्टी रसातल में जा रही हैं या प्रगति कर रही है। इससे भी लेना-देना नहीं हैं। क्योंकि ये भी जानते हैं कि दिल्ली से लेकर रांची तक अब किसी को भी पार्टी से लेना-देना नहीं हैं, सभी को ठकुरसोहाती पसन्द है। चूंकि अभी मोदी युग चल रहा है। हर जगह मोदी के नाम पर ही सब कुछ होना है, तो इसका फायदा हर चाटुकार संस्कृति में आनेवाला उठा लेना चाहता है।
जबकि इसी पार्टी में एक से एक समर्पित कार्यकर्ता है, जो मर जायेंगे, लेकिन अन्य दलों के आगे सिर नहीं झुकायेंगे और न ही पार्टी के खिलाफ एक बात सुनेंगे, पर ऐसे लोगों की आज भाजपा में यहां सुनता कौन हैं। कर्महीनों की फौजों ने तो प्रदेश भाजपा की लंका में आग लगा देने की ठान रखी हैं।
