झारखण्ड पावर वर्कर्स यूनियन व विद्युत निगम प्रबंधन के बीच हुई वार्ता विफल, सात दिसम्बर से यूनियन की भूख हड़ताल

आज विद्युत निगम मुख्यालय में झारखंड पावर वर्कर्स यूनियन और विद्युत निगम प्रबंधन के बीच चली वार्ता विफल हो गई। अपनी मांगों को लेकर झारखण्ड पावर वर्कर्स यूनियन से जुड़े इनके नेता, विद्युत निगम प्रबंधन के साथ वार्ता को पहुंच थे, पर यहां मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। झारखण्ड पावर वर्कर्स यूनियन का कहना है कि सहमति नहीं बनने के कारण अब वे कल यानी 6 दिसम्बर से निगम मुख्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन और 7 दिसम्बर से वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चले जायेंगे।

झारखण्ड पावर वर्कर्स यूनियन का कहना है कि निगम द्वारा आदेश संख्या 625 के तहत सभी कर्मचारियों को ग्रेड पे का लाभ दिया जाना था लेकिन निगम ने आदेश संख्या 458 के तहत तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों को चतुर्थ श्रेणी बनाकर ग्रेड पे देने का काला कानून जारी कर दिया गया, जिससे वे आक्रोशित है, तथा चाहते है कि आदेश संख्या 625 पूर्णतः लागू हो।

झारखण्ड पावर वर्कर्स यूनियन के नेताओं का कहना है कि कई बार की वार्ता के उपरांत भी इस संबंध में कोई उचित कार्यवाही नहीं की गई। इसी के तहत निगम द्वारा आज भी वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन वार्ता विफल हुई और अब झारखण्ड पावर वर्कर्स यूनियन के सदस्यों के पास कल दिनांक 6 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन एवं 7 दिसंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाने के सिवा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।