शर्मनाकः नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा, किसी ने उनकी अंतिम समय में मदद नहीं की, बिलखते रहे परिवार किसी ने उनकी सुध नहीं ली
शर्मनाकः वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा का आज रिम्स में निधन हो गया। अंतिम समय में किसी ने उनकी कोई मदद नहीं की। उनके परिवार सहयोग के लिए बिलखते रहे। पर किसी ने उनकी सुध तक नहीं ली। राजीव कुकरेजा का जब तक हाथ-पांव चलता रहा, वे सभी की मदद करने के लिए आगे आते रहे। लेकिन जब उनको अपने अंतिम समय में अपनों की जरुरत पड़ी, सभी ऐन वक्त पर मुंह मोड़ लिये।
उनकी बेटी सिमरन अपने पिता के लिए जो करना था की। उसे जहां से पता चला कि फलां व्यक्ति या पत्रकार उनकी मदद कर सकता है। वो गुहार लगाई। लेकिन सब बेकार। आज जब विद्रोही24 का सिमरन से अंतिम बात हुई, तो उसके बात से पता चल गया कि राजीव कुकरेजा का अंतिम समय लगता आ चुका है और अभी-अभी पत्रकार नवल किशोर सिंह ने विद्रोही24 को बताया कि राजीव कुकरेजा हम सभी को छोड़कर अनन्त में विलीन हो गये।
कितना शर्मनाक है। रांची में रांची प्रेस क्लब है। यहां एक बहुत लंबी-चौड़ी पदाधिकारियों की एक टीम हैं। लेकिन जरा इनसे पूछिए कि उनकी सुध लेने रिम्स या जब वे सेंटेविटा में भर्ती थे, तो कौन उन्हें देखने गया? यहीं नहीं यहां पत्रकारों के कल्याण का दंभ भरनेवाली बहुत बड़ी-बड़ी पत्रकारों के नाम पर संस्थाएं व संघ बनी हुई हैं। जरा पूछिये कि इनमें से कितने लोगों ने राजीव कुकरेजा की सुध ली। अब चूंकि वे दुनिया में नहीं रहे, तो देखियेगा कि ये लोग कितनी घड़ियाली आंसू बहाकर संवेदना प्रकट करेंगे और उसे अपने सोशल साइट पर लगायेंगे।
लोग बताते हैं कि राजीव कुकरेजा कभी प्रभात खबर में हेल्थ बीट देखा करते थे। दो दशकों तक प्रभात खबर को उन्होंने सेवा दी। बाद में दैनिक भास्कर से जुड़े। अंत-अंत तक दैनिक भास्कर को सेवा दी। जरा पूछिये, इन दोनों संस्थाओं से, क्या राजीव कुकरेजा उन्हें अब याद है या उनके अंतिम समय में उन्होंने उन्हें बचाने के लिए कोई प्रयास किया? यह कैसा पत्रकार समाज हैं, जिसके पास अपने लोगों के लिए भी समय नहीं हैं।
सवाल तो उन राजनीतिज्ञों और सरकार से भी है कि विद्रोही24 ने जब उनसे गुहार लगाई। समाचार प्रकाशित किया। तब वे कहां थे। उन्होंने क्यों नहीं, राजीव कुकरेजा जी को बचाने का प्रयास किया। सवाल तो यहां के चेंबर ऑफ कॉमर्स से भी है, क्या चेंबर ऑफ कॉमर्स के लोग राजीव कुकरेजा जी को नहीं जानते, उन्होंने उन्हें बचाने के लिए क्या किया? सवाल तो रिम्स के डाक्टरों से भी है, क्या सही मायनों में उन्होंने अपना धर्म निभाया? यह कैसा समाज है?
राजीव कुकरेजा जब बीमार पड़े तो उनके परिवार के लोगों ने रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती किया। वहां क्या इलाज हुआ भगवान जाने। लेकिन उनका परिवार टूट गया। करीब दस लाख रुपये से ज्यादा बिल बन गये। अंत में आर्थिक स्थिति खराब होता देख और बीमारी में कोई सुधार न देख, उन्हें दो दिन पहले रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया और आज उनके निधन की खबर मिल गई।
अब देख रहा हूं कि कई पत्रकार राजीव कुकरेजा के निधन की खबर फैलाने में लग गये। उन्हें श्रद्धांजलि देने में लग गये। ये वे लोग हैं। जिन्होंने राजीव कुकरेजा के जिंदा रहने के समय, राजीव कुकरेजा याद नहीं रहे। पर देखिये, उनके मरने के बाद कितने संवेदनशील हो गये, सक्रिय हो गये। मतलब, गजब है, हमारा समाज, उसे कब संवेदनशील होना है, शायद आज तक पता नहीं चला या पता होगा भी तो उसे नौटंकी करना खुब आता है।
