डॉ. इरफान अंसारी ने अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन करते हुए कहा रिम्स को विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान बनायेंगे
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी ने रिम्स में बीएसएल 3 माइक्रोबॉयोलॉजी लैब का उद्घाटन करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के दिशा निर्देश में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक आधारित और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण पहल कर रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, डिजिटल हेल्थ, आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं और सरकारी अस्पतालों की आधारभूत संरचना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए उन्होंने अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी लैब झारखंड की जनता को समर्पित की है। इसके साथ ही OPD/IPD भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास भी किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि अब झारखंड के मरीजों को ऐसी महत्वपूर्ण जांचों के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मरीजों और उनके परिजनों का समय, यात्रा खर्च और आर्थिक बोझ कम होगा।
इस आधुनिक सुविधा से आने वाले समय में बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिलेगा। यह पहल झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में आधुनिक माइक्रोबायोलॉजिकल डायग्नोस्टिक्स, बायोसेफ्टी और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर कांके विधायक सुरेश बैठा भी मौजूद थे ।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वे स्वयं एक डॉक्टर है। उन्होंने अपने चिकित्सकीय जीवन में गरीब मरीजों की परेशानियों को बहुत करीब से देखा है। उन्हें पता है कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज और उनके परिजन किस तरह आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजरते हैं। कई बार आधुनिक जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है और रिपोर्ट के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ता है।
उनका प्रयास है कि झारखंड के मरीजों को आधुनिक जांच और बेहतर इलाज की सुविधा अपने ही राज्य में मिले। रिम्स मरीजों का एक बड़ा केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसलिए रिम्स को आधुनिक बनाना और इसकी चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करना मेरी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का रिम्स भ्रमण होगा और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उनके द्वारा विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ उठाएं। रिम्स में उपलब्ध जांच सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करें और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जांच कराएं।
अत्याधुनिक BSL-III (Biosafety Level-3) माइक्रोबायोलॉजी लैब शुरू होने से झारखंड में संक्रामक बीमारियों की जांच व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इस लैब का निर्माण राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (National Tuberculosis Elimination Programme – NTEP) के अंतर्गत किया गया है। इस परियोजना पर लगभग 2.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसकी राशि Central Tuberculosis Division (CTD) द्वारा उपलब्ध कराई गई है।
इस प्रयोगशाला में टीबी बैक्टीरिया की कल्चर जांच (Mycobacterial Culture) तथा दवा संवेदनशीलता परीक्षण (Drug Susceptibility Testing – DST) जैसी महत्वपूर्ण जांचों की सुविधा उपलब्ध होगी ।इन जांचों के माध्यम से यह पता लगाने में सहायता मिलेगी कि टीबी का बैक्टीरिया किन दवाओं के प्रति संवेदनशील है और किन दवाओं के प्रति प्रतिरोधी है।
विशेष रूप से मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (MDR-TB) और ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (DR-TB) के मरीजों के उपचार में यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे चिकित्सकों को मरीज की जांच रिपोर्ट के आधार पर अधिक सटीक और प्रभावी उपचार योजना (Treatment Regimen) तैयार करने में मदद मिलेगी। BSL-III प्रयोगशाला विशेष जैव-सुरक्षा मानकों के अनुरूप विकसित की गई है। इसमें खतरनाक संक्रामक सूक्ष्मजीवों से संबंधित परीक्षण सुरक्षित वातावरण में किए जा सकते हैं। इस लैब में आधुनिक तकनीकों की व्यवस्था की गई है:
- Negative Air Pressure System: प्रयोगशाला के अंदर हवा के दबाव को नियंत्रित रखकर संक्रमित हवा को बाहर फैलने से रोकने में मदद करता है।
- Unidirectional Air Flow: हवा के प्रवाह को निर्धारित दिशा में नियंत्रित करने की तकनीक।
- HEPA Filtration System: उच्च दक्षता वाले एयर फिल्टर के माध्यम से हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों को फिल्टर करने की व्यवस्था।
- Advanced Microbiological Testing: टीबी सहित महत्वपूर्ण संक्रामक रोगों की कल्चर और ड्रग सेंसिटिविटी जांच की सुविधा।
इन व्यवस्थाओं से प्रयोगशाला में कार्यरत चिकित्सकों, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, लैब टेक्नीशियनों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की जैव-सुरक्षा को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
OPD/IPD भवन का होगा आधुनिकीकरण, मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
रिम्स लगभग 60 वर्षों से झारखंड की जनता को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए OPD/IPD भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार का कार्य शुरू किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य मरीजों को बेहतर Patient Care, व्यवस्थित Patient Flow, आधुनिक Clinical Infrastructure और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (National Medical Commission – NMC) के निर्धारित मानकों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप संस्थान की आधारभूत संरचना को विकसित किया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों, मेडिकल फैकल्टी, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। संस्थान का लक्ष्य आगामी दो वर्षों के भीतर इस परियोजना को पूरा करना है।
इस अवसर पर रिम्स निदेशक डॉ दीपेंद्र सिन्हा, रिम्स अधीक्षक डॉ हरेंद्र बिरुवा, राजीव कुमार मिश्रा, शैलेश त्रिपाठी, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक, मेडिकल फैकल्टी, रिम्स के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण निगम के अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
