रोशनी बनी रांची नगर निगम में निर्विरोध निर्वाचित होनेवाली एकमात्र प्रत्याशी

रोशनी खलखो रांची नगर निगम वार्ड 19 की निर्विरोध पार्षद बन गई है, वार्ड 19 की लगभग 21146 मतदाताओं ने उन्हें फिर से अपना पार्षद चुना है, किसी भी व्यक्ति के लिए किसी भी संस्था या किसी भी चुनाव में निर्विरोध चुना जाना सामान्य बात नहीं, यह उसकी अतिलोकप्रियता की निशानी है तथा उसके अब तक किये गये कार्यों का जनता द्वारा शानदार ढंग से किया गया अनुमोदन है। पूरे रांची नगर निगम में सिर्फ रोशनी खलखो ही एक ऐसी उम्मीदवार निकली, जो निर्विरोध निर्वाचित हुई है।

रोशनी खलखो भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़ी है और उनका पार्टी के प्रति समर्पण जगजाहिर है, चेहरे पर सदैव मुस्कान, अपनी बातों से सभी को अपनी ओर आकर्षित कर लेना तथा जनता के प्रति सेवाभाव ये रोशनी खलखो की सबसे बड़ी विशेषता है, जिसके कारण रोशनी खलखो आज भी जनता के बीच लोकप्रिय है, कहने को तो रांची की जनता अब ये भी कहने लगी है कि अगर भाजपा रोशनी खलखो को रांची नगर निगम के मेयर पद से चुनाव लड़वा देती तो भाजपा को मेयर का सीट पक्का था, पर वर्तमान में कुछ कहा नहीं जा सकता।

रोशनी खलखो निर्विरोध निर्वाचित होने से बहुत प्रसन्न है, वह विद्रोही 24. कॉम से बात करते समय कहती है कि उन्होंने कभी भी अपनी वार्ड की जनता को अपने परिवार से कम नहीं समझा, जब भी लोग उनसे मिलने आये, चाहे कोई कार्य से सबंधित हो, या उनकी समस्याएं हो, उन्होंने रुचि ली, और आज जो स्थिति है, वह सबके सामने है, वह कहती है कि उन्हें खुशी है कि वह भाजपा से जुड़ी है, पार्टी से जुड़े सभी लोग उन्हें सम्मान देते है, अगर भाजपा उन्हें जब कभी भी कोई दायित्व देगी, तो उसे वह उसी प्रकार उन दायित्वों को संभालेंगे, जैसा कि उन्होंने अपने वार्ड की जनता के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहण किया है।