अपराध

दुर्गा पूजा के मद्देनजर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर एसएसपी रांची ने की समीक्षा बैठक, दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देश

दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अपराध नियंत्रण तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, प्रोबेशनर आई.पी.एस. पदाधिकारी, जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान संभावित भीड़, संवेदनशील स्थलों, पूजा पंडालों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं विसर्जन जुलूस के सुचारु संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, पूजा पंडालों के आयोजकों द्वारा सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा स्थानीय स्तर पर इसकी नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

पूजा पंडालों की सुरक्षा, सीसीटीवी एवं अग्निशमन व्यवस्था

सभी पूजा पंडालों के आयोजकों/समितियों द्वारा अपने-अपने पंडालों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, पर्याप्त स्टोरेज क्षमता सुनिश्चित करने तथा कैमरों का डिस्प्ले पंडाल परिसर में उपलब्ध रखने की व्यवस्था की जानी है। सीसीटीवी की निगरानी के लिए कम-से-कम एक व्यक्ति की 24×7 प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जानी है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल संज्ञान लिया जा सके।

अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी पूजा पंडालों के आयोजकों द्वारा पर्याप्त संख्या में उपयुक्त फायर एक्सटिंग्विशर, बालू, पानी तथा आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर की व्यवस्था की जानी है। विद्युत संबंधी आग से निपटने के लिए उपयुक्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने तथा फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता अवधि की जाँच सुनिश्चित की जानी है।

इसके अतिरिक्त, भवन निर्माण एवं विद्युत सुरक्षा से संबंधित सक्षम विभागों से आवश्यक प्रमाण-पत्र प्राप्त किए जाने, प्रवेश एवं निकास द्वार अलग-अलग रखे जाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था किए जाने तथा पुरुष एवं महिला स्वयंसेवकों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति किए जाने का निर्देश दिया गया। सभी पूजा पंडालों के आयोजकों द्वारा उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं संबंधित प्राधिकारों द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाना है।

उक्त सभी सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अनुपालन पूजा पंडालों के आयोजकों द्वारा किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस उपाधीक्षक अपने-अपने क्षेत्राधीन पूजा पंडालों का निरीक्षण कर इन निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का सत्यापन करेंगे।

भीड़ नियंत्रण एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति

अधिक भीड़-भाड़ वाले चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार निगरानी टावर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, ताकि पुलिसकर्मी ऊँचाई से भीड़ की स्थिति का आकलन कर सकें और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई कर सकें। प्रमुख पूजा पंडालों एवं मुख्य सड़कों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के साथ स्थिर एवं चलायमान क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात की जाएगी।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाइक दस्तों के माध्यम से लगातार गश्त एवं निगरानी की जाएगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने में त्वरित कार्रवाई की जा सके। बड़े पूजा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा तथा उनसे संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए शक्ति कमांडो की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पुलिस बल को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

अपराध नियंत्रण एवं एंटी-क्राइम चेकिंग

दुर्गा पूजा के दौरान मोबाइल छिनतई, बैग छिनतई, चेन छिनतई, बाइक चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभाव से निरंतर एंटी-क्राइम चेकिंग एवं सघन गश्त चलाने का निर्देश दिया गया। पूर्व में सांप्रदायिक घटनाओं में संलिप्त रहे व्यक्तियों तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का सत्यापन कर आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

चेन छिनतई, मोबाइल छिनतई एवं बाइक चोरी में संलिप्त पुराने अपराधियों तथा गिरोहों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अपराध की आशंका वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।

विसर्जन मार्ग एवं यातायात प्रबंधन

सभी विसर्जन मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, संकरे रास्तों, दुर्घटना संभावित स्थलों एवं अन्य बाधाओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया। दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।

महत्त्वपूर्ण सड़कों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर भीड़ की स्थिति के अनुरूप यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग एवं आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी। विसर्जन जुलूस के सुचारु संचालन के लिए संबंधित थाना प्रभारी एवं यातायात पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। यातायात डायवर्जन एवं वैकल्पिक मार्गों से संबंधित विस्तृत जानकारी आम नागरिकों को मीडिया के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

अग्निशमन एवं आपातकालीन बचाव व्यवस्था

प्रमुख पूजा पंडालों एवं आवश्यकतानुसार अन्य महत्त्वपूर्ण स्थलों के आसपास अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त, थाना स्तर पर स्थानीय गोताखोरों की सूची एवं संपर्क विवरण संधारित रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल कार्य पर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित बचाव कार्य किया जा सके।

निरोधात्मक कार्रवाई एवं शांति व्यवस्था

विधि-व्यवस्था के लिए खतरा उत्पन्न करने वाले तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में आवश्यकतानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 सहित अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील व्यक्तियों एवं स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रावण दहन के लिए निर्देश

पूजा पंडालों के आयोजकों द्वारा डांडिया, गरबा एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की पूर्व सूचना संबंधित थाना एवं यातायात पुलिस को दी जानी है, ताकि कार्यक्रम की प्रकृति एवं संभावित भीड़ के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा यातायात प्रबंधन किया जा सके।

विसर्जन जुलूस के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन तथा रावण दहन कार्यक्रमों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन संबंधित आयोजकों द्वारा सुनिश्चित किया जाना है। संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस उपाधीक्षक आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर इन दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।

पुलिस पदाधिकारियों को विशेष निर्देश

बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का पूर्व आकलन करें। पूजा पंडालों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की नियमित जांच करें तथा भीड़ नियंत्रण, अपराध रोकथाम एवं यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक कार्रवाई समय से सुनिश्चित करें।

सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्राधीन पूजा पंडालों के आयोजकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएँ तथा इसकी नियमित निगरानी करें। संबंधित पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्र में की जा रही तैयारियों एवं अनुपालन की समीक्षा करेंगे। सभी पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

रांची पुलिस की आम नागरिकों से अपील

रांची पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पूजा पंडालों के आयोजकों से भी अपील है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें। रांची पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *