रांची प्रेस क्लब ने दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान को याद किया, भावभीनी श्रद्धाजंलि दी

एनडीटीवी में कार्यरत एवं अपनी कार्यशैली से पत्रकारिता जगत में एक अलग विशिष्ट पहचान बनानेवाले कमाल खान को भला कौन नहीं जानता। कल वे अचानक इस दुनिया को अलविदा कर चल दिये। कमाल खान का निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ। जैसे ही ये खबर लोगों को मिली, उनके चाहनेवालों में गहरी निराशा छा गई। उनके चाहनेवालों में पत्रकारों की टीम तो थी ही, समाज के अन्य वर्गों में भी उनके निधन की खबर ने, सभी के हृदय की छलनी कर दी।

रांची में रांची प्रेस क्लब में आज अपराह्ण तीन बजे कमाल खान को श्रद्धाजंलि देने के लिए एक शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें रांची प्रेस क्लब से जुड़े अधिकारियों व सदस्यों के साथ-साथ अन्य लोगों ने भी भाग लिया और अपने विचार व्यक्त किये। करीब-करीब उस शोक सभा में आये सभी सदस्यों ने इस बात को स्वीकार किया कि कमाल खान का व्यक्तित्व सभी के लिए अनुकरणीय था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा की कमाल खान निष्पक्ष पत्रकारिता के एक मजबूत स्तम्भ थे। उनके सम्मान में प्रेस क्लब को फ़ेलोशिप कार्यक्रम का आयोजन करना चाहिए जिसपर उपस्थित सभी सदस्यों ने हामी भरी। सचिव जावेद अख्तर ने कहा कि कमाल खान के निधन से स्तब्ध हूं। कमाल खान कि जीवनी से निष्पक्ष पत्रकारिता सीखनी चाहिए।

कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार रंजन ने कहा की पत्रकारों के लिए हर साल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन होना चाहिए, जिस पर परवेज़ कुरैशी ने पत्रकारिता दिवस एवं वर्ल्ड फोटो डे पर कार्यक्रम रखने  की बात कही। मौके पर रांची प्रेस क्लब के सयुंक्त सचिव अभिषेक सिन्हा, कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ‘मंटू’, कार्यकारिणी सदस्य रूपम, माणिक बोस, सुनील कुमार गुप्ता, किसलय शानू, राज वर्मा समेत पत्रकार शहरोज कमर, विष्णु राजगढ़िया, इक़बाल सबा, असफर नवाज, एहसानुल हसन, शकील अख्तर, दीपक ओझा अखिलेश कुमार सिंह व अन्य उपस्थित थे।