अपराध

रांची पुलिस ने अशोक नगर चोरी कांड में शामिल मुजफ्फरपुर के समीर उर्फ कबीर खान को किया गिरफ्तार, 65 लाख के आभूषण बरामद, कुल बरामदगी एक करोड़ रुपये के पार

रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में हुई चर्चित चोरी की वारदात के मामले में रांची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 65 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकदी और आभूषण बरामद किए जा चुके हैं।

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अशोक नगर निवासी निशित केसरी एवं अखिलेश पांडेय के घर चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या-172/26 दिनांक 09 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) एवं 331(6) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन करते हुए घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान की। जांच के दौरान चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार (पंजीकरण संख्या UP78EM0101), चोरी गए सोने के आभूषण तथा 17,36,200 रुपये नकद बरामद किए गए थे।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार आरोपी समीर खान उर्फ कबीर खान, जो पेशे से स्वर्ण व्यवसायी है, की निशानदेही पर उसके ससुराल स्थित मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजय स्टोर गली, वार्ड संख्या-40 में छापेमारी की। वहां से करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, इस कांड में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। मामले का अनुसंधान अभी जारी है और पुलिस अन्य आरोपितों की संलिप्तता तथा चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर खान उर्फ कबीर खान, पिता स्वर्गीय अब्दुल्लाह खान, निवासी शुक्ला रोड, पोस्ट-रमना, थाना-नगर, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *