रांची के नायक चौक स्थित अक्षय जनरल स्टोर में सुखदेव नगर थाना की पुलिस ने की छापेमारी, 52 बोतल विदेशी शराब बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री, जुआ अड्डों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखदेवनगर थाना पुलिस ने नायक चौक स्थित एक जनरल स्टोर में छापेमारी कर विभिन्न कंपनियों की 52 बोतल विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में दुकान संचालक अक्षय अनिल (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की शाम सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ अड्डों और असामाजिक गतिविधियों से जुड़े संभावित स्थानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि नायक चौक हेसल स्थित दुर्गा पूजा समिति के पंडाल के पीछे अवैध रूप से विदेशी शराब बेची जा रही है। इससे पूजा पंडाल के आसपास लोगों की भीड़ जुटने की भी सूचना थी।
सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। टीम जब देवी मंडप, नायक चौक स्थित अक्षय जनरल स्टोर के पास पहुंची, तो वहां कई लोग जमा थे। पुलिस की गाड़ी देखकर कुछ लोग मौके से भागने लगे।
इसके बाद पुलिस ने जनरल स्टोर में विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से विभिन्न कंपनियों की कुल 52 बोतल विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। दुकान संचालक अक्षय अनिल, पिता रामप्रवेश चौधरी, निवासी देवी मंडप, नायक चौक, सुखदेवनगर, रांची से शराब के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, वह शराब से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत जब्त कर सीलबंद कर दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इन कंपनियों की शराब बरामद
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जब्त शराब में शामिल हैं: गॉडफादर केन बीयर – 24 पीस, टुबॉर्ग केन बीयर – 7 पीस, अल्ट्रामैक्स केन बीयर – 10 पीस, आई-कॉनिक कंपनी की 180 एमएल की शराब – 8 बोतल, बीपी कंपनी की 375 एमएल की शराब – 3 बोतल, कुल बरामदगी: 52 पीस/बोतल।
उत्पाद अधिनियम और बीएनएस के तहत मामला दर्ज
इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 342/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275 एवं 292 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।
छापेमारी अभियान में सुखदेवनगर थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक सचिन कुमार मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक बिहारी महतो, आरक्षी मुन्ना लाल गुप्ता, चालक आरक्षी अनिल राम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
