कवि रवि शंकर पांडेय ने पीएम मोदी को जन्मदिन पर दी बधाई, कहा – फिर से कल एक वृहद भारत उभरेगा विश्व के मानचित्र पर, व्यापक इस चिंतन के क्षितिज का आकाश बढ़ा है मोदी से…
आप कितना भी भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध कर लीजिये, उनके खिलाफ अनाप-शनाप अपने सोशल साइट पर पोस्ट करते रहिये। लेकिन सच्चाई यह भी है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई हैं। इनकी लोकप्रियता भारत में ही नहीं, बल्कि विश्व के कई देशों में भी सिर चढ़कर बोल रही है। हाल ही में दिल्ली में आयोजित हुई 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की विश्वस्तरीय शानदार सफलता ने नरेन्द्र मोदी के कद को और बढ़ा दिया है।
जिसकी प्रशंसा मुक्तकंठ से इस बार नरेन्द्र मोदी के कट्टर विरोधी भी कर रहे हैं। जिसे अब कोई नजरंदाज भी नहीं कर सकता। नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करनेवालों में इन कट्टर विरोधियों में कांग्रेस के बड़े-बड़े दिग्गज नेता जैसे सलमान खुर्शीद व शशि थरुर, वरिष्ठ विपक्षी नेता कपिल सिब्बल व यशंवत सिन्हा और बहुत सारे पत्रकार भी शामिल है। जिन्हें नरेन्द्र मोदी सपने में भी अच्छे नहीं लगते।
मतलब साफ है कि देश का हर वर्ग ब्रिक्स सम्मलेन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है और राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा की भारी सफलता ने तो स्पष्ट कर दिया कि जनता आज भी नरेन्द्र मोदी को चाहती है। शायद यही कारण रहा कि नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कई राज्यों में पार्टी के प्रदेशस्तरीय नेताओं ने जब नरेन्द्र मोदी के नाम पर दिये जलाने की बात कही तो उसके बाद कई लोगों ने बड़ी संख्या में आज अपने घरों में दिये भी जलाये हैं। इस दिये जलाने वालों में हर वर्ग के लोग है। कई उनके चाहनेवालों ने तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर गीत गाकर भी बधाइयां दे डाली है।
सुप्रसिद्ध लोकतंत्र सेनानी, कवि, लेखक, साहित्यकार रवि शंकर पांडेय तो अपने सोशल साइट पर लिखते है कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ढाई दशक (पच्चीस वर्ष) के सफल समोज्ज्वल शासन एवं ७६वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में वे अपने घर के आंगन में बने चबूतरे पर घी का दीप जला कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हैं। वे इसकी फोटो भी शेयर करते हैं और लीजिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शान में कविता भी लिख डालते हैं, जरा इनकी लिखी कविता पर गौर करिये…
अखिल विश्व में भारत का मान बढ़ा है मोदी से
प्रवासी जो भारतीय सम्मान बढ़ा है मोदी से।।
रूस अमेरिका चीन सहित सारे के सारे अरब मुल्क।
भारत की नीति की महिमा गुण गान बढ़ा है मोदी से।।
सबका साथ सबका विकास सबका प्रयास है मंत्र जिनका
चारों दिशा के जन गण मन का विश्वास बढ़ा है मोदी से।।
संकल्प यदि हो मन का अडिग कोई काम नहीं है नामुमकिन।
जन मानस के अन्त: करण का अहर्निश आस बढ़ा है मोदी से।।
दुश्मन जो आंख थे दिखलाते हर बात बात पर भारत को।
उनके भीतर के मन के भय का एहसास बढ़ा है मोदी से।।
फिर से कल एक वृहद भारत उभरेगा विश्व के मानचित्र पर।
व्यापक इस चिंतन के क्षितिज का आकाश बढ़ा है मोदी से।।
