अपराध

पलामू में लूटपाट के बाद दो लोगों की बेरहमी से हत्या करनेवाले मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार

दिनांक 16.01.2026 को चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रैनीबांध तालाब, गुरहा के समीप एक आंशिक जला हुआ शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान शंकर राम (उम्र 37 वर्ष), पिता-राजमुनी राम, निवासी-मिशन स्कूल रोड, आबादगंज वार्ड संख्या-23, डालटनगंज के रूप में की गई थी। उसी दिन शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत डालटनगंज रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पुल के समीप केबिन के सामने एक अन्य व्यक्ति का शव भी बरामद किया गया था।

दोनों शवों की स्थिति से प्रतीत हो रहा था कि उनके सिर को पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। इस संबंध में चैनपुर थाना कांड सं0-17/2026, दिनांक-17.01.2026, धारा-103(1)/238 BNS एवं शहर थाना कांड सं0-20/2026, दिनांक-16.01.2026, धारा-103(1)/238 BNS अंकित कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) राजीव रंजन एवं पुलिस निरीक्षक (सदर अंचल) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर संदिग्ध चुनमुन चौधरी उर्फ अजित चौधरी (उम्र 25 वर्ष), पिता-स्व0 बिहारी चौधरी, निवासी-कल्याणपुर, थाना-चैनपुर, जिला-पलामू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के क्रम में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि दिनांक-15.01.2026 को वह मजदूरी के बाद डालटनगंज रेलवे स्टेशन के समीप करीवा उर्फ छोटू एवं शंकर राम के साथ नशा कर रहा था।

इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि शंकर राम के पास पैसा है, लेकिन वह खर्च नहीं कर रहा है। इसके बाद अभियुक्त ने करीवा के साथ मिलकर शंकर राम को रैनीबांध क्षेत्र में ले जाकर उससे ₹1300 लूट लिए एवं पहचान उजागर होने के डर से पत्थर से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी तथा शव को जलाने का प्रयास किया। इसके उपरांत दोनों अभियुक्त रेलवे स्टेशन की ओर लौटे, जहां आपसी विवाद के दौरान करीवा उर्फ छोटू द्वारा धमकी दिए जाने पर चुनमुन चौधरी ने उसे भी रेलवे पुल के पास ले जाकर पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी और शव को छिपाने का प्रयास किया।

अनुसंधान के क्रम में अभियुक्त के निशानदेही पर मृतक शंकर राम का पर्स, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किया गया है। अभियुक्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार अपराधी का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास रहा है, तथा पलामू के चैनपुर व शहर थाना में इसके खिलाफ अपराधिक मामले दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *