मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मां कामाख्या के दरबार में, की विशेष पूजा-अर्चना, सभी के लिए की मंगल-कामना
असम विधानसभा चुनाव में अपने दल के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार संपन्न करने के बाद मिले मौके का झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बहुत ही सुंदर फायदा उठाया। वे अपने दल-बल के साथ असम के गुवाहाटी स्थित सिद्धपीठ मां कामाख्या के दरबार में पहुंच गये। जहां विशेष पूजा अर्चना कर समस्त झारखण्डवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उन्नति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को अपने बीच आया देखकर, मंदिर के पुजारियों ने उन्हें विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां कामाख्या की पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मां कामाख्या के चरणों में शीश झुकाकर नमन करते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि एक बार पुनः उन्हें मां कामाख्या के दरबार में आने का अवसर प्राप्त हुआ है। मां कामाख्या की कृपा से झारखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो यही उनकी कामना है। इसी बीच झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को अपने बीच पाकर वहां उपस्थित कई भक्तों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ सेल्फी ली। हेमन्त सोरेन ने भी जनता के इस शौक को पूरा करने में उन्हें खूब सहयोग दिया।
