अपनी बात

गोपाष्टमी के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहुंचे रांची गौशाला न्यास, यहां हो रही गौ-सेवा को देखकर हुए आह्लादित

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज हरमू रोड, रांची स्थित गोकुल धाम में आयोजित ‘श्री कृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव’ में सम्मिलित होकर रांची गौशाला न्यास के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा से गहराई से जुड़ा है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रकृति, पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम, करुणा एवं संवेदनशीलता का संदेश देता है। गौ-सेवा को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर उन्होंने समाज को सेवा और करुणा की प्रेरणा दी।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को श्रद्धा, करुणा, सेवा और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। हमारी कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी गौवंश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। गौ-सेवा एवं गौ-संरक्षण हमारी सांस्कृतिक परंपरा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से भी जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1904 में स्थापित रांची गौशाला न्यास पिछले 122 वर्षों से गौ-सेवा, गौ-संरक्षण और समाज सेवा के कार्यों में निरंतर समर्पित है। वर्तमान में गोकुल धाम में लगभग 1100 गौवंश का संरक्षण एवं पालन-पोषण किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में दूध न देने वाली गौ-माताएँ भी शामिल हैं। ऐसे गौवंश की देखभाल करना सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों का सराहनीय उदाहरण है।

उन्होंने न्यास के पदाधिकारियों, सदस्यों और सेवाभावी लोगों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने गौशाला द्वारा गोबर से जैविक खाद एवं वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन को भी महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे जैविक खेती को प्रोत्साहन मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिलता है। आज प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में ऐसे प्रयासों का विशेष महत्व है।

राज्यपाल ने गौशाला परिसर में संचालित अन्नपूर्णा सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए कहा कि मात्र 10 रुपये में छह रोटी, सब्जी और अचार उपलब्ध कराने की यह पहल सेवा के व्यापक भाव को दर्शाती है। इससे स्पष्ट होता है कि न्यास का सेवा कार्य गौवंश की देखभाल तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराने तक विस्तृत है। उन्होंने कहा कि गौ-सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि जीवों के प्रति संवेदना, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का भी विषय है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार पशुओं के प्रति दया और संरक्षण का भाव रखना चाहिए।

राज्यपाल ने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि गोपाष्टमी महोत्सव समाज में सेवा, करुणा, सद्भाव और परोपकार की भावना को और मजबूत करे। उन्होंने राँची गौशाला न्यास के निरंतर प्रगति करने तथा जनसेवा के कार्यों से समाज को प्रेरित करते रहने की कामना की।

गौ सेवा से आत्मीय संतुष्टि मिलती हैः पुनीत कुमार पोद्दार

इधर रांची गौशाला न्यास के तत्वावधान में 122वां वार्षिक श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं अपार उत्साह के साथ  संपन्न हुआ। न्यास के मंत्री प्रदीप राजगढ़िया ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजक मनीष लोधा ने सपरिवार विधि-विधान से गणेश पूजन कर किया। इसके पश्चात पूरे दिन गौ-माता पूजन, दर्शन एवं तुला दान के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अपराह्न तीन बजे से बच्चों के लिए चित्रकला, एकल नृत्य एवं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा ने किया। बच्चे इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साहित थे। इसके पश्चात संध्या 6:00 बजे से दानदाताओं एवं सहयोगियों का सम्मान एवं सभी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

गोवर्धन मथुरा से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक राजेश प्रसाद शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा भजन एवं श्री कृष्ण रासलीला की गई “गईया लगे मोहे प्यारी जग पालन हारी…, जाके घर होवे गाय बाक़े भाग्य को सराहे…. ऐसे कई भजन सुनकर सभी गौ भक्त आनंद विभोर हुए। आज के महोत्सव में सभी गौ भक्तों ने बड़े हर्षोल्लास के साथ गोपाष्टमी महोत्सव मनाया। रांची गौशाला न्यास के अध्यक्ष पुनीत पोद्दार ने समाज के सभी वर्गों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी की उत्साहपूर्ण सहभागिता से आज का गोपाष्टमी महोत्सव सफल हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी सहयोग और समर्पण से रांची गौशाला न्यास भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर गौ-सेवा के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

महोत्सव संयोजक मनीष लोधा एवं सह संयोजक अमित चौधरी ने सभी रांचीवासियो एवं गौ भक्तों एवं सभी दानदाताओं के सहयोग के लिए दिल की गहराई से धन्यवाद किया। रांची शहर के विस्तार और गौ भक्तों की मांग एवं सुविधा को देखते हुए शहर में 12 विभिन्न स्थानों पर गाय बछड़ा सहित गौ पूजन की व्यवस्था की गई।

रांची गौशाला न्यास के उपाध्यक्ष सह न्यासी अध्यक्ष रतन जालान ने कहा कि गौ माता की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। सबसे बड़ी सेवा गौ सेवा, जिस घर में गौ माता की सेवा होती है, वहां से सभी नकारात्मक ऊर्जा चली जाती है, सकारात्मक ऊर्जा आ जाती है। उन्होंने सबसे निवेदन भी किया कि सभी गौ सेवा जरूर करें।

आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष सह न्यासी अध्यक्ष रतन जालान, ट्रस्टी ओम प्रकाश छापड़िया, शत्रुघ्न लाल गुप्ता, राजकुमार टिंबडेवाल, सतीश कुमार तुलस्यान राजकुमार केडिया, किशोरी लाल चौधरी, सज्जन सर्राफ, अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार, मंत्री प्रदीप राजगढ़िया कोषाध्यक्ष दीपक पोद्दार, उपाध्यक्ष एस एन राजगढ़िया, उपमंत्री सुरेश कुमार जैन, राजेंद्र बंसल कार्यकारिणी सदस्य भानु जालान, काशी प्रसाद कनोई, आनंद पसारी, हेमेंद्र सिंह, भरत बगड़िया, पवन केडिया, प्रकाश काबरा, घनश्याम शर्मा, पवन केडिया, विमल जैन, सुशील केडिया, अनुपम गाड़ोदिया, बिजय खोवाल, सतीश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल आदि की प्रमुख भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *