राजनीति

77 वीं स्वतंत्रता दिवस पर CM हेमन्त सोरेन ने दिया झारखण्डियों को भरोसा, जनसहयोग से एक सशक्त झारखण्ड का निर्माण करने को उनकी सरकार कृतसंकल्प

झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ के अवसर पर मोराबादी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के बाद जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि राज्य की जनता के सहयोग से एक सशक्त झारखण्ड का निर्माण करेंगे, जिसमें गरीब, वंचित, मजदूर, किसान, आदिवासी, पिछड़े, दलित सबको उनका अधिकार मिल सके। उनके विचार में यही राष्ट्र की सच्ची सेवा है, यही सच्चा लोकतंत्र है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने लाखों राज्यकर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को फिर से बहाल किया है। राज्य के हजारों पुलिसकर्मियों को छुट्टी का हकदार बनाया है। 35 लाख जरुरतमंदों को पेंशन, 29 लाख अतिरिक्त लोगों को राशन और 57 लाख से अधिक लोगों को सरकार वर्ष में दो बार वस्त्र प्रदान कर रही है। झारखण्ड आंदोलनकारियों की पहचान कर उनके आश्रितों और परिजनों को पेंशन और सम्मान देने की मुहिम चला रही है। गरीब और वंचित वर्ग के युवा आज विदेशों में शिक्षा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्य के लोगों को वादा किया था कि सभी को तीन कमरे का आवास उपलब्ध करायेंगे। अपने वादे को पूरा करते हुए आज हम इस मंच से एक नई योजना अबुआ आवास योजना की घोषणा करते हैं। आगामी दो वर्षों में लगभग पन्द्रह हजार करोड़ से ज्यादा खर्च कर राज्य सरकार अपनी निधि से अपने जरुरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध करायेगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनकी सरकार ने सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना के माध्यम से सात लाख से अधिक किशोरियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, फुलो झानो आशीर्वाद योजना के माध्यम से हड़िया-दारु निर्माण व बिक्री से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। आपके अधिकार आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से सरकार आपकी समस्याओं को सुनकर उसका त्वरित समाधान भी कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में नियुक्ति की प्रक्रिया को तीव्र करते हुए विभिन्न कोटि के लगभग 38 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग को भेज दी गई है। जिसमें 36 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सारथि योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत 80 प्रखण्ड मुख्यालयों पर बिरसा केन्द्र की शुरुआत की गई है। राज्य के दलित, आदिवासी, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक वर्ग व दिव्यांगों को लिए मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना संचालित है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही राज्यकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य उपलब्ध कराने के लिए उनके तथा उनके परिवारों के आश्रितों के लिए पांच लाख रुपये अधिसीमा के अंतर्गत कैशलेस स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जायेगा। संविदा पर कार्य कर रही महिलाकर्मियों को 180 दिनों की मातृत्व अवकाश की स्वीकृति भी प्रदान की गई हैं। यही नहीं राज्य में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारियों के प्रोन्नति में आ रही अड़चनों को दूर कर, अब तक 190 पदाधिकारियों को प्रोन्नति दी गई है, जबकि झारखण्ड पुलिस सेवा के 41 पदाधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रोन्नति दी गई।

उन्होंने कहा कि सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के सिद्धांतों को आत्मसात कर सभी के लिए सर्वजन पेंशन योजना की शुरुआत की गई। बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए क्वालिटी एजूकेशन को देखते हुए 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेन्स का उद्घाटन किया गया। आर्थिक कारणों से वंचित होनेवाले छात्रों के लिए गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्य योजना संचालित की गई। मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा एकलव्य प्रशिक्षण योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि खुशहाल किसान, खुशहाल झारखण्ड के संकल्प को अमली-जामा पहनाने के लिए उनकी सरकार किसानों के हितों के लिए 88 प्रकार की योजनाएं चला रही है। पिछले वर्ष सुखाड़ को देखते हुए केन्द्र से हमें अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के बावजूद हमनें मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना तथा झारखण्ड कृषि ऋण माफी योजना के माध्यम से किसानों को हर संभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा झारखण्ड के लिए मनरेगा अंतर्गत निर्धारित प्रति मानव दिवस मजदूरी दर 228/- रुपये के अतिरिक्त 27/- रुपये की राशि का भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बिरसा सिंचाई कूप योजना के तहत एक लाख कूओं का निर्माण किया जायेगा। जिनमें पचास हजार कुएं वर्तमान वित्तीय वर्ष में तथा शेष 15 नवम्बर 2024 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। इधर बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत 45 हजार परिवारों के लिए कुल 50 हजार एकड़ भूमि पर बागवानी का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आधारभूत संरचनाओं की मजबूती पर भी ध्यान दे रही हैं। सड़क मार्ग, रेल मार्ग एवं वायु मार्ग का विस्तार हुआ। वर्ष 2022-23 में लगभग पन्द्रह सौ साठ करोड़ रुपये की राशि के 32 पथ एवं पुल योजनाओं का विधिवत् उद्घाटन तथा लगभग सोलह सौ चालीस करोड़ रुपये की राशि के 104 अदद पथ एव पुल योजनाओं का विधिवत् शिलान्यास किया गया है।

रांची शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए सिरमटोली आरओबी कम फ्लाईओवर का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है, जिसे कांटाटोली फ्लाईओवर से जोड़ा जायेगा। रातु रोड फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा सहजानन्द चौक से कांके रोड के लिए फ्लाईओवर का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे रांची शहर के एक बड़े हिस्से में आवागमन सुगम हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि राज्यवासियों को शुद्ध जल उपलब्ध कराने के लिए जल-जीवन मिशन के तहत 2024 तक राज्य के कुल 61 लाख ग्रामीण परिवारों को कार्यरत घरेलू नल जल के द्वारा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 23 लाख 80 हजार परिवारों को इस योजना से आच्छादित किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार द्वारा जमशेदपुर में देश का पहला हाइड्रोजन ईंधन उद्योग लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। स्वच्छ पर्यावरण के लिए नेट जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल करने में झारखण्ड अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए हमारी सरकार द्वारा झारखण्ड सौर ऊर्जा नीति 2022 लागू की गई है। गिरिडीह को सोलर सिटी के रुप में विकसित करने की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि झारखण्ड खेल नीति 2022 को लाकर, खिलाड़ियों को प्लेटफार्म उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। हर गांव-पंचायत में खेल के मैदान बनाये जा रहे हैं। प्रखण्डस्तर पर स्टेडियम बनाये जा रहे हैं। जोहार खिलाड़ी पोर्टल का शुभारम्भ किया जा रहा है। पिछले दिनों झारखण्ड आदिवासी महोत्सव आयोजित करवा कर हमनें एक महत्वपूर्ण दूरगामी कदम उठाया है। पूरा विश्वास है कि इस आयोजन से झारखण्ड भविष्य में अंतराराष्ट्रीय पटल पर अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब होगा। हम आपके दुख-दर्द को कम करने के लिए 24 घंटे प्रयासरत हैं। विकास की इस यात्रा में हम सबको साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। आशा है, सभी के सहयोग से झारखण्ड को एक समृद्ध, खुशहाल एवं विकसित राज्य बनाने में जरुर सफल होंगे।