राजनीति

मतदाता सूची की शुद्धता से कोई समझौता नहीं: SIR कार्य में त्रुटियों पर पाकुड़ जिला प्रशासन की सख्ती, एक BLO, बीएलओ सुपरवाइजर एवं AIRO से मांगा गया स्पष्टीकरण

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार निगरानी एवं समीक्षा कर रहा है। इसी क्रम में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-213 पर कार्य में पाई गई त्रुटियों को गंभीरता से लेते हुए एक बीएलओ, संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी से उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण मांगा गया है।

14 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ- बीएलए-2 बैठक का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज द्वारा किया गया। निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान बूथ संख्या-213 से संबंधित ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची में कुछ मतदाताओं के संबंध में त्रुटिपूर्ण अंकन का मामला सामने आया।

समीक्षा में पाया गया कि कुछ मतदाताओं को अब्सेंट तथा कुछ को परमानेंटली शिफ्टेड की श्रेणी में दर्ज कर दिया गया था, जबकि सत्यापन के दौरान उक्त प्रविष्टियां तथ्यात्मक रूप से सही नहीं पाई गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं एईआरओ से कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ, बीएलए-2 एवं बीएलओ सुपरवाइजर को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि ASDD सूची का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के उपरांत ही उसे अंतिम रूप दिया जाए। बिना पर्याप्त आधार एवं स्थल सत्यापन के किसी भी मतदाता को ASDD श्रेणी में अंकित नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी शुद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। SIR अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, त्रुटि अथवा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही एवं प्रमाणिक रूप से मतदाता सूची में सुनिश्चित करते हुए संपूर्ण पुनरीक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *