रामगढ़ में अवैध हथियार निर्माण की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, दंपति गिरफ्तार
रामगढ़ और हजारीबाग जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण की एक मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, उपकरण, अर्धनिर्मित हथियार और अन्य सामग्री बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को अवैध आग्नेयास्त्र निर्माण एवं तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत ए.के. कोलियरी दत्तो निवासी दिनेश विश्वकर्मा के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर में संचालित अवैध मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अर्द्धनिर्मित 7.65 एमएम पिस्टल बॉडी, नौ मैगजीन, छह फायरिंग पिन, विभिन्न प्रकार के हथियारों के पुर्जे, स्प्रिंग, बट कवर और पिस्टल निर्माण में प्रयुक्त ढांचा बरामद किया। इसके अलावा ड्रिल मशीन, गैस कटर, वेल्डिंग मशीन, हथौड़े, टूल बॉक्स, लोहे की चादरें तथा अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी बरामदगी सूची में शामिल हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से अवैध हथियारों का निर्माण कर अपराधियों तक उनकी आपूर्ति कर रहे थे। इस मामले में भुरकुंडा ओपी थाना कांड संख्या-165/26, दिनांक 8 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ए.के. कोलियरी दत्तो निवासी 45 वर्षीय दिनेश विश्वकर्मा तथा उनकी पत्नी 38 वर्षीय नूतन देवी के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी, हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला तथा इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच में जुटी हुई है। इसके लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
