अपराध

कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के धनबाद स्थित घर को स्थानीय पुलिस ने बुलडोजर से ढाना शुरू किया

कल भाकपा माले अरुप चटर्जी को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से धमकी मिली और आज प्रिंस खान के घर पर स्थानीय पुलिस बुलडोजर लेकर पहुंच गई और उसके घर के कुछ हिस्से को बुलडोजर से ढाना शुरु कर दिया। बताया जाता है कि निरसा विधायक अरुप चटर्जी ने इस संबंध में स्थानीय थाने में अपनी ओर से प्राथमिकी दर्ज करा दी है और संबंधित गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर डाली।

इधर गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर बुलडोजर चलने की खबर ने सभी को हैरान कर डाला। क्योंकि स्थानीय नागरिकों को ये अंदेशा ही नहीं था कि प्रिंस खान पर यहां की पुलिस हाथ डालेगी। क्योंकि कई नेताओं के मुख से यहां की जनता यह बयान सुन चुकी थी कि प्रिंस खान के स्थानीय दबंग भाजपा नेता ढुलू महतो के साथ मधुर संबंध है। हालांकि धनबाद से लेकर रांची तक भाजपा के कई ऐसे नेता भी दिखे जो अपने-अपने सोशल साइट पर प्रिंस खान के घर पर बुलडोजर चलने से खुश नजर आये और स्थानीय धनबाद प्रशासन और राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की प्रशंसा तक कर डाली।

इधर बुलडोजर लेकर प्रिंस खान के घर को ढहवा रही पुलिस ने स्थानीय संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चूंकि प्रिंस खान के घर की कुर्की का पूर्व से ही आदेश था। साथ ही प्रिंस खान के घर नियमानुसार नहीं बने हैं। इसलिए भी इस घर को तोड़ने का आदेश था। यहीं कारण है कि गैंगस्टर प्रिंस खान के घर के अभी बाहरी हिस्से को बुलडोजर से ढाहा जा रहा है। इसी बीच आम जनता ने भी इस घटना की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा राज्य की हेमन्त सरकार के इस कार्य की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *