श्रावण मास के अवसर पर किशोरी मातृ शक्ति द्वारा 151 ग्रामों में वस्त्र वितरण एवं शिव जलाभिषेक कार्यक्रम का शुभारंभ
श्रावण मास के पावन अवसर पर आर्य समाज की प्रधान सुशीला आर्या एवं शत्रुघ्न लाल गुप्ता द्वारा किशोरी मातृ शक्ति के बैनर तले 151 ग्रामों में शिव जलाभिषेक एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। किशोरी मातृ शक्ति से जुड़े भक्तों ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत उस घर से की गई जहां सुधांशु जी महाराज पहली बार रांची पधारे थे। यह आयोजन अर्चिका दीदी के आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है।
कार्यक्रम का नेतृत्व देवराज कटारिया के मार्गदर्शन एवं सुषमा जुवाल के निर्देशन में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी किया जा रहा है। किशोरी मातृ शक्ति की बहनों ने इस कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ इस सेवा कार्य में भाग लेना शुरु कर दिया है। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस वस्त्र वितरण कार्यक्रम को श्रीशिवाय नमस्तुभ्यं व हर हर महादेव” के जयकारों के साथ सफल बनाया।
किशोरी मातृ शक्ति द्वारा इस कार्यक्रम को शुभारंभ करनेवालों का कहना था कि इस प्रकार के सेवा कार्यक्रमों को चलाने से उन्हें आत्म-संतुष्टि मिलती है। उनका कहना था कि सच्ची ईश्वर भक्ति मानव मात्र की सेवा है। जब तक शरीर है, इस कार्य को करने में कभी भी संकोच नहीं करना चाहिए, इसी भाव को लेकर इस बार भी 151 ग्रामों में उनकी संस्थान ने यह कार्य संपन्न करने को ठाना है।
