धनबाद में बीती रात कपड़े की दुकान में भीषण डकैती, दस की संख्या में थे डकैत

धनबाद के हरिहरपुर थाना के खरियो (टोला महुआटांड) में गोपाल क्लॉथ स्टोर में बीती रात करीब नौ-दस डकैतों ने डकैती कर करीब 18 लाख की संपत्ति लूट ली। बताया जाता है कि कल बीती रात दस की संख्या में आये इन डकैतों में से दो डकैतों ने गोपाल क्लॉथ स्टोर के मालिक के घर की छत को तोड़कर, पहले घर के अंदर घुसे।

उसके बाद गोपाल क्लॉथ स्टोर के मालिक सुभाष कुमार को पिस्तौल की नोक पर लेकर, घर का दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद सारे डकैत दुकान के अंदर घुसकर, सारे सामान को खंगाल दिया। सुभाष कुमार का कहना था कि दुर्गा पूजा के समय को देखते हुए, उसने लाखों के माल हाल ही में मंगवाया था, पर उसे क्या पता कि उसके दुकान में डकैती हो जायेगी।

सुभाष कुमार के अनुसार, डकैत दो घंटे उसके घर और दुकान में रहे, सुभाष का दुकान आगे और उसका घर दुकान से सटे ही पीछे में हैं। इसी बीच डकैत फ्रिज में रखे मिठाइयों का सेवन भी किया। सुभाष ने बताया कि जब सारी चीजें डकैत लूट लिये, तब पहले तो आठ डकैत बाहर निकल गये, उसके ठीक आधे घंटे बाद दो डकैत जो उसे पिस्तौल की नोक पर रखे थे, यह धमकी देते हुए निकले कि अगर उसने मुंह खोला तो जान से जायेगा।

सुभाष ने बताया कि संयोग था कि उसके घर में कोई महिला सदस्य नहीं थी, घर में रखे करीब पैतीस हजार के जेवरात और करीब चालीस हजार नकद, डकैत लेकर चल दिये। सुभाष ने बताया कि डकैतों की उम्र 25-30 से अधिक नहीं थी, सभी नकाब ओढ़े थे, और आपस में हिन्दी मिश्रित बंगला बोले जा रहे थे। सुभाष ने बताया कि घर में प्रवेश करते ही डकैतों का समूह उससे मोबाइल, घर और दुकान के तिजोरी एवं अलमीरा की चाबी ले लिये और दो घंटे तक कोहराम मचाते रहे, डकैतों ने पूरा दुकान का सामान लूट लिया है।

डकैती का समाचार सुनते ही हरिहरपुर थाना प्रभारी अरविन्द कुमार एवं तोपचांची थाना प्रभारी किशुन मुर्मू ने घटना का जायजा लिया, धनबाद से सीआइएसएफ से डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई, पर डकैतों का कोई सुराग नहीं मिला।