राजनीति

अवकाश प्राप्त IPS अधिकारी राजीव रंजन ने थामा भाजपा का दामन, कहा भाजपा की नीति, नीयत व नेतृत्व ने किया प्रभावित

सबका साथ, सबका विकास कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए भाजपा सभी का विश्वास भी प्राप्त कर रही है। पार्टी में सभी वर्ग, समाज से शामिल होने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के दीनदयाल सभागार में भारतीय पुलिस सेवा से अवकाश प्राप्त पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की विधिवत सदस्यता ग्रहण की।

श्री सिंह के साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में कॉरपोरेट प्रोफेशनल काजल सहाय, रांची महानगर कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष आर के सिंह, अवकाश प्राप्त पुलिस अधिकारी अशोक कुमार, घनश्याम गोस्वामी, विनोद सिंह, रमाकांत सिंह, गुरप्रीत सिंह, अधिवक्ता शैलेश कुमार, समाजसेवी जगतार सिंह, दीपक कुमार, अशोक सिंह मुंडा, व्यवसाय से जुड़े बलविंदर सिंह कलसी, मारवाड़ी युवा मंच के अमित खंडेलवाल, संतोष साहू, अनिल कुमार सिंह, दुर्गा ठाकुर, विवेक कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, अंकित चेतानी, कैलाश शर्मा, मुन्ना सोनी, गोपाल प्रसाद गुप्ता, शंकर चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा ने पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता ग्रहण करने वालों का मंच पर स्वागत किया। प्रदेश मंत्री एवं जमशेदपुर महानगर के प्रभारी सुबोध सिंह गुड्डू ने पार्टी के टॉल फ्री नंबर पर विधिवत ऑनलाइन सदस्यता दिलाई।

मिलन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा किसी परिवार की पार्टी नहीं बल्कि पारिवारिक सोच की पार्टी है। जिसके चिंतन में सबका साथ और सबका विकास है। अंत्योदय से सर्वोदय है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है, सर्व पंथ समभाव है। उन्होंने अवकाश प्राप्त पुलिस अधिकारी राजीव रंजन सिंह का पार्टी के मंच पर स्वागत करते हुए कहा कि जिस प्रकार से इन्होंने पुलिस अधिकारी के पद का ईमानदारी पूर्वक निर्वाह किया है उसी प्रकार ये सामाजिक राजनीतिक जीवन की दूसरी पारी में भी यशस्वी बने।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 60 वर्षों तक केवल गरीबी हटाओ का नारा दिया। लेकिन गरीबी दूर करने का सच्चा प्रयास मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है और उसके सहयोगी दल भ्रष्टाचार के पोषक। उन्होंने कहा मोदी सरकार की प्राथमिकता में गांव, गरीब किसान हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को एक अभिभावक के रूप में देखती है।

सदस्यता ग्रहण करते हुए अवकाश प्राप्त आईपीएस अधिकारी राजीव रंजन सिंह ने कहा कि भाजपा की नीति, नीयत और नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास मंत्र ने मुझे बहुत प्रेरित किया। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि देश सेवा के लिए भाजपा से अच्छा कोई राजनीतिक मंच नही है।

उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद अधिकारी और पुलिस की सोच से बाहर निकलकर आम जनता की सेवा करने की इच्छा हुई। इसलिए एक वर्ष के सोच विचार के बाद आज प्रत्यक्ष रूप से भाजपा से जुड़ रहा हूं। पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो जिम्मेवारी देगी उसे हर संभव निभाने की कोशिश करूंगा।