अपनी बात

लंदन में आयोजित ‘इंडिया डे 2026’ में भारत की चिकित्सा विशेषज्ञता का विश्व मंच पर गौरवपूर्ण प्रदर्शन, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी ने निभाई अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम की मास्टर ऑफ सेरेमनी की भूमिका

लंदन स्थित केन्सिंगटन कॉन्फ्रेंस एंड इवेंट्स सेंटर में जुलाई के प्रथम सप्ताह में आयोजित India Day 2026 कार्यक्रम भारत एवं यूनाइटेड किंगडम के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों के बीच शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक सहयोग का एक ऐतिहासिक मंच सिद्ध हुआ।

इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का संयुक्त आयोजन FOGSI (Federation of Obstetric & Gynaecological Societies of India), RCOG (Royal College of Obstetricians & Gynaecologists, UK), AICC-RCOG (All India Coordination Committee – RCOG) तथा ISRS (International Society for Reproductive Surgery) द्वारा किया गया। इन सभी प्रतिष्ठित संस्थाओं का एक मंच पर आना वैश्विक महिला स्वास्थ्य, मातृ एवं भ्रूण चिकित्सा, प्रजनन स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

सम्मेलन में मातृ चिकित्सा (Maternal Medicine), भ्रूण चिकित्सा (Fetal Medicine), रजोनिवृत्ति (Menopause), गर्भावस्था में सूक्ष्म पोषक तत्वों की भूमिका, पुरुष बांझपन (Male Fertility), फाइब्रॉयड एवं एंडोमेट्रियोसिस का आधुनिक प्रबंधन, प्रसवोत्तर रक्तस्राव (PPH), यूरोगायनेकोलॉजी, चिकित्सकों के व्यक्तित्व विकास तथा भारत–ब्रिटेन चिकित्सा सहयोग जैसे अनेक समकालीन एवं महत्वपूर्ण विषयों पर अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर सात्विक IVF, धनबाद की मेडिकल डायरेक्टर एवं प्रख्यात प्रजनन विशेषज्ञ डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी को पूरे कार्यक्रम में Master of Ceremonies (MOC) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्राप्त हुआ। इस अवस पर डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी ने कहा कि विश्व के इतने प्रतिष्ठित चिकित्सा मंच पर Master of Ceremonies के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए अत्यंत गौरव, सम्मान और भावनात्मक संतोष का विषय है।

डॉ. नेहा ने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि धनबाद, झारखंड और पूरे भारत के चिकित्सा समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी ने इस अवसर के लिए FOGSI के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भास्कर पाल के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास एवं प्रोत्साहन के कारण उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे वैश्विक मंच भारतीय स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों को विश्वस्तरीय वैज्ञानिक अनुभवों से जोड़ने, ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने तथा महिला स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *