अपनी बात

महिला पत्रकार के साथ गंदी हरकत मामले में रांची प्रेस क्लब ने कहा – 24 घंटे के अंदर इस मामले में शामिल मेंबर और उनके पुत्र को बुलाकर होगी पूछताछ, बाद में विधि सम्मत कार्रवाई की बात

बीते 23-24 अप्रैल की रात रांची प्रेस क्लब में ठहरी एक महिला पत्रकार के साथ रांची से प्रकाशित एक प्रमुख राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार व रांची प्रेस क्लब से जुड़े एक सदस्य के पुत्र द्वारा गंदी हरकत की गई थी। जिसको लेकर रांची प्रेस क्लब से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि उक्त महिला पत्रकार ने इस संबंध में उन्हें लिखित शिकायत की थी।

इस लिखित शिकायत के आधार पर आज रांची प्रेस क्लब की मैनेजिंग कमेटी की बैठक बुलाई गई। बैठक में बताया गया कि एक महिला गेस्ट ने लिखित शिकायत की है कि 23-24 अप्रैल की दरमियानी रात उनके कमरे पर एक व्यक्ति ने लगातार 15-20 मिनट तक दस्तक दी थी। मना करने के बावजूद वह देर तक दरवाजा खटखटाता रहा।

कमेटी ने इसे गंभीर घटना माना है। अकोमॉडेशन कमेटी ने अपनी जांच में यह घटना सत्य पाई है। दरवाजा खटखटाने वाले युवक को चिन्हित कर लिया है। वह क्लब के एक मेंबर का पुत्र है। निर्णय लिया गया कि 24 घंटे में मेंबर और उनके पुत्र को क्लब में बुलाकर पूछताछ की जाएगी और इसके बाद इस संबंध में आगे अनुशासनात्मक व विधि सम्मत कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।

इसी बीच कई पत्रकारों ने आशंका व्यक्त की कि चूंकि मामला हाई-फाई है। इसलिए इस मामले को दबाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। किसी को कुछ नहीं होगा, जल्द ही मामला दबा दिया जायेगा। ऐसे भी इस मामले से संबंधित किसी अखबार या चैनल में ये समाचार प्रकाशित नहीं किये गये हैं, क्योंकि ये मामला अखबार से संबंधित है, प्रेस क्लब से संबंधित है। आश्चर्य है कि इस प्रकरण पर न तो किसी राजनीतिक दल के बयान आये हैं और न किसी महिला संगठन या सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया ही देखने को मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *