पूरे झारखण्ड में धूम-धाम से मन रही गोपाष्टमी, संजीव विजयवर्गीय ने रांची गोशाला का दिया भरोसा, जल्द होगा सौन्दर्यीकरण

आज गोपाष्टमी है। गोपाष्टमी को लेकर, झारखण्ड के विभिन्न गोशालाओं में खुब चहल-पहल दिखी। बड़ी संख्या में गो-भक्तों ने विभिन्न गोशालाओं में जाकर गो-पूजन किया। गोमाता और उनके परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की। तुला-दान किया तथा अपनी समृद्धि की कामना की। झारखण्ड के रांची स्थित गोशाला में भी गोपाष्टमी का त्यौहार धूम-धाम से मनाया गया।

रांची-धनबाद आदि स्थानों के विभिन्न गोशालाओं में बड़ी संख्या में गोभक्तों ने गोमाता का पूजन किया, उनकी आरती उतारी, तथा जमकर तुलादान किया। इस अवसर पर रांची के उप-महापौर संजीव विजयवर्गीय ने भी रांची गोशाला न्यास समिति द्वारा आयोजित हरमू रोड स्थित गोशाला के कार्यक्रम में रुचि ली। गो सेवा हेतु तुलादान किया। गो माता को गुड़ व रोटी खिलाकर उनकी सेवा की।

संजीव विजयवर्गीय ने इस अवसर गोशाला का निरीक्षण भी किया तथा विभागीय अभियंताओं को बुलाकर गोशाला के शेड की मरम्मति एवं इसके सौन्दर्यीकरण के लिए जल्द इस्टीमेट बनाने का निर्देश दिया। संजीव विजयवर्गीय ने गोशाला से जुड़े अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही रांची गोशाला का सौन्दर्यीकरण कराने का प्रयास करेंगे।

ज्ञातव्य है कि कार्तिक शुक्लपक्ष अष्टमी तिथि को पूरे देश में गोपाष्टमी का त्यौहार मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में हिन्दू समुदाय गोशाला का रुख करते हैं, गो सेवा का व्रत रखते हैं। इस दिन कई जगहों पर श्रीकृष्ण की झांकियां, गो-सेवा से जुड़ी झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-प्रवचन आदि भी आयोजित होते हैं।