अपराध

रांची रेलवे स्टेशन परिसर से अपहृत चार वर्षीय बालक तीन पहाड़ (साहिबगंज) से सकुशल एवं सुरक्षित बरामद

24 सितंबर की सुबह रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से चार वर्षीय बालक के अपहरण के संवेदनशील मामले का रांची पुलिस ने त्वरित एवं सफल उद्भेदन कर लिया है। घटना उस समय घटी थी जब बच्चे की मां पास में मौजूद नहीं थी और कुछ अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर बच्चे को ले भागे थे। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय गुप्तचर तंत्र (Intelligence) के माध्यम से लगातार सुराग जुटाए।

सघन छापेमारी अभियान के तहत दिनांक 26/9/2026 की रात को मुख्य सुराग के आधार पर एक अभियुक्त को धनबाद पुलिस के सहयोग से धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साहिबगंज पुलिस के सहयोग से साहिबगंज जिला अंतर्गत तीनपहाड़ में छापेमारी कर अन्य चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

अपहृत चार वर्षीय बालक को तीनपहाड़ (साहिबगंज) से सकुशल एवं सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। बच्चे को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। पूरे नेटवर्क और अपहरण के कारणों की तह तक जाने के लिए पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई एवं सघन अनुसंधान जारी है।

इस त्वरित और सफल उद्भेदन में धनबाद पुलिस, जामताड़ा पुलिस, साहिबगंज पुलिस एवं पुलिस महानिरीक्षक (IG), संथाल परगना का विशेष सहयोग रहा। विषम परिस्थितियों एवं देर रात (odd hours) इन सभी इकाइयों द्वारा तत्परता से महत्वपूर्ण सहायता और सहयोग उपलब्ध कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *