अपनी बात

कैंटीन संचालक के प्रति RPC के अधिकारियों की अप्रतिम दरियादिली के कारण क्लब को कम से कम साढ़े आठ लाख रुपये का नुकसान होता देख पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह मंटू ने प्रेस क्लब से दिया इस्तीफा

रांची प्रेस क्लब के पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह मंटू ने रांची प्रेस क्लब की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की घोषणा के बाद उन्होंने कहा कि द रांची प्रेस क्लब के कारण कई नए अग्रजों, साथियों, अनुजों से उनका परिचय हुआ। सभी के साथ संबंधों की गरमाहट पूर्व की तरह बनी रहेगी और पत्रकारों के लिए बने द रांची प्रेस क्लब परिसर में पूर्व की तरह मुलाकात होती रहेगी। उधर उन्होंने मैनेजिंग कमेटी को सूचित किया है कि विजयादशमी के शुभ अवसर पर वे रांची प्रेस क्लब की सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। सुशील कुमार सिंह मंटू की सदस्यता संख्या 0365/2017 है।

जानकारों का कहना है कि सुशील कुमार सिंह मंटू कुछ दिन पूर्व से ही रांची प्रेस क्लब के वर्तमान अधिकारियों के क्रियाकलापों से आक्रोशित थे। उन्होंने अपने आक्रोश का कारण भी कुछ दिन पहले क्लब फोर इन्फारमेशन में डाल रखा था। जिसका परिणाम आज उनके इस्तीफे के रूप में देखने को मिला। सर्वप्रथम उन्हें रांची प्रेस क्लब को क्या लिखा था। उस पर ध्यान दें…

प्रेस क्लब के मैनेजिंग कमिटी व अन्य साथीगण,

क्लब परिसर का कैंटीन संचालक (360°) 31 अक्टूबर को अपना बोरिया बिस्तर समेट लेगा। 2023-25 की मैनेजिंग कमिटी द्वारा कैंटीन संचालक के प्रति अप्रतिम दरियादिली के कारण क्लब को कम से कम 8,37,960 (8 लाख 37 हजार 960 रुपया) का नुकसान होता हुआ दिख रहा है (देखें PDF फाइल)

जबकि मैंने 8 मार्च 2025 को ही पूर्व की कमिटी के सभी 15 पदाधिकारियों को व्हाट्सएप संदेश भेजकर ये पैसे वसूलने का आग्रह भी किया था। अब तक कुछ होता हुआ नहीं दिख रहा है। वर्तमान कमिटी से भी आग्रह किया कि नियमानुसार हिसाब किया जाए और वसूला जाए।

वर्तमान सचिव के निर्देशानुसार 29 सितंबर को क्लब में मौजूद दस्तावेजों के अवलोकन के पश्चात मैंने अपनी फाइंडिंग्स (PDF) तैयार कर मैनेजर को सौंपा और मैनेजिंग कमिटी तक पहुंचाने का आग्रह किया था। कैंटीन संचालक पर कुल बकाया 9,81,399 रुपये का है कुछ दस्तावेज मैं देख नहीं पाया हूं लेकिन संभावना है कि ये आंकड़ा थोड़ा और बढ़े। ये वही संचालक है जो क्लब का दो चूल्हा और तीन प्रिपरेटी स्टील रैक जबरदस्ती ले जाने पर तुला हुआ था/है। आप सभी की जानकारी और अग्रतर कार्रवाई हेतु प्रेषित।

बताया जा रहा है कि रांची प्रेस क्लब के वर्तमान अधिकारियों का वर्तमान कैंटीन संचालक से अन्योन्याश्रय के साथ मधुर संबंध है। इन्हीं मधुर संबंधों के कारण वर्तमान कैंटीन संचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। जबकि सुशील कुमार सिंह मंटू ने इन बातों की ओर वर्तमान अधिकारियों का बार-बार ध्यान आकृष्ट कराया। जानकार बताते हैं कि शायद इन्हीं गड़बड़ियों के कारण सुशील कुमार सिंह मंटू ने रांची प्रेस क्लब से दूरियां बना ली।

बताया यह भी जा रहा है कि पूर्व के पदाधिकारियों ने जब कैंटीन वर्तमान संचालक को दी थी। तो कोई लॉग शीट नहीं बनाई थी कि क्लब की ओर से कैंटीन संचालक को क्या दिया जा रहा है और क्या नहीं। ऐसे में रांची प्रेस क्लब के कुछ संसाधन अब अगर नहीं दिखे, तो इसे इनकार भी नहीं किया जा सकता। वर्तमान कमेटी, पूर्व कमेटी की तरह वर्तमान कैंटीन संचालक पर प्यार लूटा रही है। जिसके रांची प्रेस क्लब को आर्थिक नुकसान होना तय है। इन्हीं सभी कारणों से सुशील कुमार सिंह मंटू ने रांची प्रेस क्लब से इस्तीफा देकर सब को चौंका दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *