अपराध

तीन लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा पांच वर्षीय बच्ची 12 घंटे में सकुशल बरामद, तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार

रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा की गई पांच वर्षीय बच्ची को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, नगड़ी थाना अंतर्गत दलादली टीओपी क्षेत्र के सपारोम गांव से 16 जुलाई को पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण की सूचना प्राप्त हुई थी।

अपहरणकर्ताओं द्वारा बच्ची के बदले तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी। मामले में नगड़ी थाना कांड संख्या-120/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) एवं 140(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-द्वितीय) अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

तकनीकी शाखा रांची के सहयोग से गठित टीम ने बिहार के गया जिले में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया और 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने सूचना मिलने के मात्र 12 घंटे के भीतर गया जंक्शन के समीप स्थित एक होटल से अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही इस मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्र पीड़िता के घर के समीप किराये के मकान में रहता था। आर्थिक तंगी के कारण उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ बिहार के गया ले गया और उसके परिजनों से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने लगा। आरोपियों ने फिरौती नहीं देने पर बच्ची की हत्या कर शव फेंक देने की धमकी भी दी थी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सचिन कुमार और मोनु कुमार ने बच्ची को छिपाने तथा फिरौती की रकम हासिल करने के प्रयास में मुख्य आरोपी की मदद की। आरोपियों ने बच्ची की मां को धमकाकर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों के माध्यम से ऑनलाइन कुल 10 हजार रुपये भी वसूल लिए थे।

पुलिस द्वारा सकुशल बरामद की गई बच्ची अपनी मां के पास लौटकर बेहद खुश है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम व पता इस प्रकार है –  1. रमेश कुमार मिश्रा (20 वर्ष), पिता- देवेन्द्र मिश्रा, निवासी- दिग्गी, थाना कोंच, जिला गया (बिहार)। 2. सचिन कुमार (19 वर्ष), पिता- रजनीश पाठक, निवासी- खजुरी, थाना कोंच, जिला गया (बिहार)। 3. मोनु कुमार (19 वर्ष), पिता- सत्येन्द्र प्रसाद, निवासी- मखदुमपुर, जिला जहानाबाद (बिहार)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *