नारकोटिक्स विभाग का स्टाफ बताकर 31.90 लाख रुपये की लूट में शामिल पांच अपराधी गिरफ्तार, SIT ने की कार्रवाई, 70 हजार रुपये व थार बरामद
चतरा के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स विभाग का स्टाफ बताकर 31.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर लूट किए जाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की थार (रजिस्ट्रेशन संख्या JH 02BK 0166) और कुल 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को ललन कुमार (28), पिता आदित्य दांगी, निवासी बरवाडीह, थाना पत्थलगडा, जिला चतरा के साथ अज्ञात अपराधकर्मियों ने खुद को नारकोटिक्स विभाग का स्टाफ बताकर धोखाधड़ी की और 31.90 लाख रुपये लूट लिए। मामले में वादी के लिखित आवेदन के आधार पर वशिष्ठ नगर थाना कांड संख्या 131/2026, दिनांक 07.09.2026, धारा 319(2)/310(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, चतरा के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कटैया जंगल से रंगु कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों से पूछताछ और उनके कथित अपराध स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कंगुरूवा जंगल, थाना जोरी क्षेत्र से प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से रंगु कुमार के पास 30 हजार रुपये, अभिषेक कुमार के पास 20 हजार रुपये और प्रिंस कुमार यादव के पास 20 हजार रुपये बरामद किए। इस प्रकार कुल 70 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त काले रंग की थार वाहन, रजिस्ट्रेशन संख्या JH 02BK 0166 भी पुलिस ने जब्त की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम-पते इस प्रकार है।
- रंगु कुमार, पिता-दिनेश यादव, ग्राम महुंगाई, थाना धनगाई, जिला गया (बिहार)।
- अभिषेक कुमार, पिता-केशर यादव, ग्राम सोखिया, थाना धनगाई, जिला गया (बिहार)।
- प्रिंस कुमार यादव, पिता-सहदेव यादव, ग्राम पिपराही, थाना बाराचट्टी, जिला गया (बिहार)।
- अविनाश कुमार, पिता-सुनील कुमार, ग्राम केदली कला, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग।
- बजरंगी कुमार उर्फ रंगा, पिता-स्व. ब्यास यादव, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग।
