अपनी बात

नहीं रहे टाइगर के नाम से मशहुर शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, पूरे राज्य में शोक की लहर, झामुमो-भाजपा के कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

आज का सबेरा झारखण्ड की जनता के लिए एक मनहूस खबर लेकर आया। आज प्रातः ही झारखंड के कद्दावर नेता सह मंत्री झारखंड सरकार जगरनाथ महतो का निधन हो गया। उनकी निधन की खबर पूरे झारखण्ड में आग की तरह फैल गई। राज्य सरकार ने उनके निधन पर दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। जगरनाथ महतो के निधन पर झामुमो-भाजपा समेत अन्य दलों के नेताओं ने भी गहरा शोक प्रकट किया है।

झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने जगरनाथ महतो के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि स्व० महतो झारखंड आंदोलन के समय हमारे सहयोगी थे, उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, कार्यशैली, दूरदर्शिता तथा कुशल नेतृत्व प्रत्येक अवसर पर परिलक्षित होती थी। अपने संघर्ष , कर्तव्य निष्ठा, सादगी, और विचारों की स्पष्टता के कारण उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन से झारखंड की राजनीति का एक अध्याय समाप्त हो गया।

आने वाली राजनैतिक पीढ़ी को उनके लंबे राजनैतिक जीवन से सीख प्राप्त होगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्व० जगरनाथ महतो का निधन पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें तथा उनके परिवार एवं  शुभचिंतकों को इस दुःख में खुद को संभालने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के कद्दावर आंदोलनकारी नेता सह झारखंड सरकार के मंत्री जगरनाथ महतो के निधन से पार्टी में शोक की लहर व्याप्त हो गयी है। पार्टी ने अपना कर्मठ और जुझारू साथी खो दिया है। निःसंदेह स्व०महतो के निधन से झारखंड की राजनीति को भी अपूर्णीय क्षति हुई है। लंबे समय से बीमारी को हराते हुए, योद्धा की भांति डंटे रहने वाले जगरनाथ जी का चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी एवं अपूर्णीय क्षति है।

भाजपा विधायक दल के नेता व राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि झारखंड सरकार के मंत्री  जगरनाथ महतो जी के चेन्नई के अस्पताल में निधन की बेहद दुःखद सूचना मिली है। लंबे समय से बीमारी को हराते हुए योद्धा की भांति डटे रहने वाले जगरनाथ जी का चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी है। राजनैतिक भिन्नताओं के बावजूद व्यक्तिगत रूप से उनकी जीवटता का मैं सदैव प्रशंसक रहा हूं। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।

झामुमो के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के सर्व स्तर के नेता, कार्यकर्ता एवं सहयोगियों के लिए आसानी से सर्वसुलभ स्व०महतो का साथ हमेशा के लिए छूट गया, परंतु उनका दृढ़ संकल्प शक्ति, संघर्षशीलता तथा दूरदर्शी सोच सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी। जगरनाथ दा संघर्ष के साथ जीवन के हर पल को जिया एवं जब मृत्यु भी वरण किया तब भी संघर्षशील रहे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद “पिंटू” ने कहा कि स्व०महतो के जीवटता का मैं सदैव प्रशंसक रहा हूं। संघर्ष, कर्तव्य निष्ठा तथा सादगी ही उनके जीवन का पर्याय रहा। उनका राजनैतिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए अनुकरणीय है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा दुःख के इस घड़ी में स्व० महतो के परिवार जनों तथा शुभचिंतकों को सहनशक्ति प्रदान करें।

झामुमो के केन्द्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड के मूलवासियों के प्रखर प्रवक्ता, झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन के संघर्षशील योद्धा, किसान एवं मजदूरों के जुझारू नेतृत्वकारी तथा पार्टी के ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ नेता जगरनाथ महतो का निधन न केवल हम सब के लिए स्तब्धकारी है, उससे ज़्यादा असहनीय है।

विधानसभा में कल दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को दी जाएगी श्रद्धांजलि

दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को कल विमान से रांची लाया जाएगा एवं उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। सुबह करीब 7.30 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जाकर उनके पार्थिव शरीर को लेकर विधानसभा जायेंगे। विधानसभा में अंतिम दर्शन के उपरांत दिवंगत जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को पार्टी कार्यालय होते हुए उनके गांव ले जाया जाएगा तथा पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।