ढुलू समर्थकों ने किया कमला कुमारी के प्रमुख गवाह विनय सिंह पर जानलेवा हमला, रिम्स मेें भर्ती

मुख्यमंत्री रघुवर दास के अतिप्रिय बाघमारा विधायक ढुलू महतो के समर्थकों ने आज धनबाद भाजपा की जिला मंत्री कमला कुमारी की ओर के प्रमुख गवाह विनय सिंह पर उस वक्त जानलेवा हमला बोला, जब वे कतरास से रांची को रहे थे। लोग बता रहे है कि विनय सिंह जैसे ही कतरास स्टेशन से धनबाद रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस में चढ़े, धर्मेन्द्र गुप्ता और सोनू चौहान ने किसी से मोबाइल पर बात की और विनय सिंह की हुलिया के बारे में बताया।

जब उक्त ट्रेन जैसे ही बोकारो पहुंची, उनकी बॉगी में बोकारो में पांच लोग सवार हुए, और इन पांचों ने बोकारो से ट्रेन जैसे ही खुली, विनय सिंह पर जानलेवा हमला शुरु कर दिया।साथ ही विनय सिंह को चेतावनी दी कि अगर बाघमारा विधायक के खिलाफ उसने केस नहीं उठवाया तो उसे वे लोग जान से मार देंगे। जानलेवा हमला करने के बाद ये सारे ढुलू समर्थक राधागांव के पास ट्रेन धीमी होता देख चलती गाड़ी से उतर गये।

बताया जा रहा है कि विनय सिंह, कमला कुमारी के केस को लेकर आज रांची हाइकोर्ट  अधिवक्ता राजीव कुमार से मिलने जा रहे थे। विनय सिंह ने उनके साथ आज हुए इस कांड की प्राथमिकी रांची जीआरपी थाने में दर्ज करा दी हैं। फिलहाल विनय सिंह रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाजरत है। ज्ञातव्य है कि धनबाद के बाघमारा भाजपा विधायक ढुलू महतो पर भाजपा की जिला मंत्री कमला कुमारी ने यौन शोषण का आरोप लगाया है।

जिसको लेकर हाई कोर्ट ने धनबाद एएसपी झारखण्ड के पुलिस महानिदेशक से अगले हफ्ते इस बात की रिपोर्ट मांगी है कि आखिर कमला की ओर से दायर कराई जा रही शिकायत की प्राथमिकी दर्ज क्यों नहीं की गई, इसी बीच विनय सिंह के साथ घटी यह घटना साफ बता रहा है कि राज्य में अपराधियों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ हैं, और खासकर उन लोगों का जो सत्ता से जुड़े हैं।