झामुमो का नहीं, ये भाजपा वाले दीपक प्रकाश का मानना है कि संथाल परगना में झामुमो का मजबूत स्तंभ ढह गया

भाजपा प्रदेश कार्यालय में संथाल परगना क्षेत्र में एक भाजपा नेता के कथनानुसार झामुमो के कद्दावर नेता एवं पार्टी के पूर्व विधायक सुफल मरांडी ने झामुमो छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इनके साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में पाकुड़ जिला अंतर्गत पाकुड़िया प्रखंड के झामुमो के वरिष्ठ कार्यकर्ता जुनास मुर्मू, महेश मुर्मू, पूर्व मुखिया कमल हांसदा भी शामिल हैं। सदस्यता ग्रहण के अवसर पर भाजपा के पाकुड़ जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय, प्रदेश मंत्री एवं पूर्व विधायक मिस्त्री सोरेन, शर्मिला रजक, प्रदेश कार्यसमित सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह, बबलू भगत, जिला उपाध्यक्ष तपन मंडल, मिहिर मंडल, संजय साहू आदि उपस्थित थे।

सदस्यता ग्रहण कराते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि आज संथाल परगना से झामुमो का मजबूत स्तंभ ध्वस्त हो गया। कार्यकर्ताओं का विश्वास अब झामुमो से खत्म होता जा रहा है। झामुमो कार्यकर्ताओं को अब समझ में बात आने लगी कि जिस पार्टी को उनलोगो ने खून पसीने से सींचा, उसका झारखंड की गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े के विकास की कोई चिंता नहीं है।

श्री प्रकाश ने कहा कि जनता को विश्वास हो गया कि राज्य के विकास की चिंता केवल भारतीय जनता पार्टी ही करती है। नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परिवारवादी पार्टियों से जनता और उनके कार्यकर्ता दोनो का विश्वास समाप्त होता जा रहा है। दीपक प्रकाश ने कहा कि झामुमो ने परिवारवाद की पराकाष्ठा कर दी। शिबू सोरेन परिवार राज्य को लुटने और लुटवाने में पूरी तरह शामिल हो गया। झामुमो के लिए सत्ता लूट का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि झामुमो के कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर निकल कर राज्य को बचाने की चिंता हो रही है। इसलिए राज्य का गठन कराने वाली एवम राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने वाली पार्टी भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। इधर बाबूलाल मरांडी ने सुफल मरांडी सहित सभी का भाजपा में स्वागत करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी पार्टी का पटका (इ पटका क्या होता हैं, भाजपावाले ही बता सकते हैं या कर्मवीर सिंह) पहनाकर सुफल मरांडी एवं उनके साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को बधाई शुभकामनाएं दी। श्री सिंह ने कहा कि सुफल जी के भाजपा में आने से पार्टी का संगठन संथाल परगना में और मजबूत होगा।

सदस्यता ग्रहण करते हुए पूर्व विधायक सुफल मरांडी ने कहा भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो विकसित झारखंड  के सपना को साकार कर सकती है। राज्य गठन का सपना भी भाजपा ने ही पूरा किया था। सुफल मरांडी ने कहा कि अटल जी ने अलग राज्य दिया और आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। भारत आज दुनिया को दिशा दे रहा है।

उन्होंने कहा कि झामुमो सिर्फ एक परिवार के विकास की चिंता करने वाली पार्टी बन चुकी है। हेमंत राज में राज्य की खनिज संपदा लूटी जा रही। आदिवासी, दलित महिला, पिछड़ा सभी समाज आज ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व जो भी जिम्मेवारी देगा उसे ईमानदारी से निभाने की कोशिश वे करेंगे। संथाल परगना के गांव गांव में भाजपा का झंडा लहराए इसके लिए वे पूरा परिश्रम करेंगे। उन्होंने इस प्रकार भाजपा के प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट किया।