अपराध

रांची पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय शातिर चोर, चोरी की बड़ी वारदात से पहले गिरफ्तार

राजधानी रांची में बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को पुंदाग ओपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान संतोष कुमार राठौड़ (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक 6-7 जून 2026 की रात पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाजपत नगर मंदिर के समीप एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में गृहस्वामी द्वारा दर्ज कराए गए मामले के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से पता चला कि आरोपी रात दो से चार बजे के बीच चोरी करता था। वह नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, काले कपड़े और काला हेलमेट पहनकर रेकी करता था। इसके बाद पुंदाग पुलिस ने लगातार रात्रिकालीन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

9-10 जून की रात लगभग 2:30 बजे वाहन जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन तत्परता दिखाते हुए जवानों ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष कुमार राठौड़ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का रॉड बरामद किया गया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बंद घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करता है।

पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिसे उसने 30 मई 2026 को हजारीबाग के बरही बाजार से चोरी किया था। कड़ी पूछताछ में उसने पुंदाग क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद आनंद नगर, कमड़े स्थित उसके किराए के कमरे से चोरी गए सामान बरामद किए गए।

रांची पुलिस का कहना है कि उसने आरोपी के पास से लगभग 90 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, नोज पिन, नोज रिंग और अन्य जेवर शामिल हैं, बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 5,770 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि संतोष कुमार राठौड़ के खिलाफ अरगोड़ा, बरही और पुंदाग थानों में कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह राउरकेला जेल में आठ बार, रायपुर जेल में दो बार, हॉटवार जेल में दो बार तथा छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जेल में भी बंद रह चुका है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी से रांची में संभावित बड़ी चोरी की घटनाओं को रोका जा सका है। इस कार्रवाई में हटिया डीएसपी नीरज कुमार, जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह, पुंदाग ओपी प्रभारी संजीव कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *