राजनीति

धनबाद में कांग्रेसियों ने दिखाया जोश, कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प, भाजपा को झारखण्ड से भगायेंगे

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रमण्डलीय महारैली ‘भाजपा भगाओ देश बचाओ’ का शुभारम्भ आज कोयलांचल की धरती से प्रारम्भ हुआ। धनबाद के बाघमारा स्थित माथा बांध मैदान से कांग्रेस ने हजारों लोगों की उपस्थिति में उमड़े जन सैलाब के बीच भाजपा को हटाने के लिए शंखनाद किया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व झारखण्ड कांग्रेस प्रभारी आर.पी.एन.सिंह तथा सह प्रभारी  मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री उमंग सिंघार की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अजय कुमार, विधायक दल नेता आलमगीर आलम, पूर्व मंत्री झारखण्ड सरकार चन्द्रशेखर दूबे,  राजेन्द्र प्रसाद सिंह,  जलेश्वर महतो, मन्नान मल्लिक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर,  प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शकील अख्तर अंसारी, ओबीसी चेयरमैन अभिलाष साहू, पूर्व सांसद डा. सरफराज अहमद, सुलतान अहमद, रवीन्द्र सिंह,  ब्रजेन्द्र सिंह, मानस सिन्हा ने भाजपा को हटाने के लिए हुंकार भरी।

महारैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आर.पी.एन.सिंह ने महारैली में अपार भीड़ के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही कांग्रेस के कार्यकर्ता बीजेपी को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे। उन्होंने कहा भारत के प्रधानमंत्री ने सिवाय जुमलेबाजी के कुछ नहीं किया। वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी जो कहते हैं, वो करते हैं,  दस दिनों के अंदर कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का ऋण तीन प्रदेशों में माफ कर दिया।

उन्होंने कहा झारखण्ड में भी सरकार बनते ही झारखण्ड के किसानों के सभी ऋण माफ करने का अनुरोध राहुल गांधी से करेंगे। आरपीएन सिंह ने कहा कांग्रेस के नेतृत्व में आने वाली सरकार देश के सभी गरीबों को न्यूनतम राशि देगी, मोदी की तरह हर खाते में पंद्रह लाख का जुमला नहीं। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं, इन प्रतिभाओं का समुचित उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गलत नहीं कहती कि चौकीदार ही चोर है, क्योंकि चौकीदार ने विजय माल्या,  नीरव मोदी,  मेहुल चौकसी जैसे लोगों को देश से भागने में मदद की। देश की जनता और झारखण्ड की जनता चुन चुन कर इसका हिसाब लेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी व मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री उमंग सिंघार ने कहा कि वे झारखंड करीब एक साल से घूम रहे है, पूरे विश्वास के साथ यह कह सकता है कि अगली सरकार बीजेपी की नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस मजबूत है, इसलिए कोलेबिरा का चुनाव हम जीत पाये। सिंघार ने कहा झारखण्ड सरकार के निक्कमेपन का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है कि यहां भूख से लोगों की मौत हो जाया करती है,  ऐसी सरकार को बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अजय कुमार ने महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि बाघमारा और कोयलांचल का असली शेर कौन है, तय करने का वक्त आ रहा है। मोदी और रघुवर दोनों पांच साल से झूठ बोल रहे हैं,  सभी वायदे फेल हो गये। मुख्यमंत्री बच्चों को अंडा चोर बोलते हैं,  जेपीएससी में घोटाला,  भूख से मौत, शिक्षकों की मौत,  दुष्कर्म की शिकार बच्चियों की नियति, बिजली की आंख मिचौली इस सरकार की उपलब्धि हैं।

कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम ने कहा कि बीजेपी के विकास के नारे का आकलन करने का समय आ गया है, विकास पूरी तरह से फेल कर गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को बनाए रखना है क्योंकि कांग्रेस की विचारधारा देश को जोड़ती है। उन्होंने देश और राज्य की जनता को आह्वाहन किया कि सरकार को बदल डाले। सभा का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मोर्चा संगठन के प्रभारी रवीन्द्र सिंह ने किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि बाघमारा की रैली ऐतिहासिक रुप से सफल रही जहां लोगों ने एक स्वर से भाजपा को हटाने का संकल्प लिया। बाघमारा में महारैली का उद्देश्य भी यही था कि स्थानीय विधायक के भय के वातावरण से लोगों को बाहर निकाला जाए। बाघमारा में आयोजित प्रमण्डलीय रैली के तत्पश्चात दूसरी भाजपा भगाओ देश बचाओ महारैली संथालपरगना के देवघर में 13 फरवरी, पलामू प्रमण्डल के डालटनगंज में 15 फरवरी, और दक्षिणी छोटानागपुर प्रमण्डल के गुमला में 24 फरवरी को आयोजित की जाएगी।