राजनीति

मंडल डैम का विरोध करने के लिए पदयात्रा को निकले कांग्रेस नेता के एन त्रिपाठी पुलिस हिरासत में

अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर निकले कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता के एन त्रिपाठी को आज स्थानीय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वे जैसे ही मंडल डैम के निर्माण के विरोध में पदयात्रा निकालने के लिए निकले, उन्हें बरवाडीह के केचकी नाका पर हिरासत में ले लिया गया। बरवाडीह में हिरासत में लिये जाने के बाद के एन त्रिपाठी गुस्से में आ गये, और उन्होंने कहा कि वे किसी भी  हालात में पलामू के लोगों के साथ नाइंसाफी नहीं होने देंगे।

ज्ञातव्य है कि कल यानी पांच जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पलामू पहुंच रहे हैं, जहां वे मंडल डैम का शिलान्यास करेंगे। बताया जाता है कि मंडल डैम परियोजना के निर्माण हो जाने से डालटनगंज, चतरा, लातेहार, गढ़वा आदि में सिंचाई योजना को बल मिलेगा, जो पिछले 47 वर्षों से बंद था और इसे फिर से नये सिरे से निर्माण करने की बात आ रही है। के एन त्रिपाठी इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर एक ज्ञापन देनेवाले थे।

उनकी मांगे निम्नलिखित है। 1. बेनिफिसियरी कमांड एरिया एवं डीपीआर नये सिरे से निर्धारित की जाय, जिसमें पलामू, गढ़वा, लातेहार एवं चतरा जिले को पानी देने के बाद ही बाद के जिलों को पानी दी जाये। 2. मंडल परियोजना के नीये खपिया तथा अमानत नदी एवं कोयल नदी के संगम पर बराज का निर्माण किया जाय ताकि पलामू एवं गढ़वा को पानी मिल सके। 3. विस्थापित पन्द्रह गांव के 1600 परिवारों को जमीन का पुरा मुआवजा दिया जाये, बसाने के लिए एक कॉलोनी बनाई जाये, जिसमें विस्थापितों को बसाया जाये, उन्हें इस परियोजना में नौकरी दी जाये एवं कुछ गैरमजरुआ जमीन खेती करने के लिए दी जाये।